इंदौर। विजय नगर थाना क्षेत्र के मालवीय नगर में देर रात एक सैलून में घुसकर बदमाशों द्वारा गुंडागर्दी और तोड़फोड़ करने का मामला सामने आया है। आरोपियों ने दुकान संचालक के साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट की और दुकान में रखे महंगे उपकरणों को तोड़कर नुकसान पहुंचाया। बीच-बचाव करने आए ग्राहक के साथ भी आरोपियों ने मारपीट की। फरियादी की शिकायत पर पुलिस ने चार आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, सोलंकी नगर निवासी फरियादी शुभम पिता अशोक वर्मा ने विजय नगर थाने में शिकायत दर्ज कराई है। शुभम की मालवीय नगर में न्यू वर्मा हेयर स्टाइल नाम से सैलून की दुकान है। पीड़ित ने पुलिस को बताया कि बीती रात आरोपी कपिल, मयंक उर्फ चीकू, यश राठौर तीनों निवासी मालवीय नगर और मोहित चौहान निवासी महेश बाग कॉलोनी अचानक उनकी दुकान पर पहुंचे। आरोपी बिना किसी कारण के गालियां देने लगे और जब विरोध किया तो उन्होंने शुभम के साथ लात- थप्पड़ों से मारपीट शुरू कर दी। दबंगई दिखाते हुए आरोपियों ने सैलून में रखी कुर्सी, हेयर ड्रायर, ट्रिमर, मसाजर और स्टीम मशीन को उठाकर पटक दिया और पूरी तरह तोड़कर चकनाचूर कर दिया। इस दौरान दुकान पर कटिंग कराने आया ग्राहक हनी सोलंकी जब शुभम को बचाने बीच में आया, तो आरोपियों ने उसके साथ भी मारपीट की। शोर-शराबा सुनकर आसपास के दुकानदारों और राहगीरों को इकट्ठा होता देख चारों आरोपी वहां से भाग निकले। भागते समय आरोपियों ने धमकी दी कि आइंदा दुकान से जाने को कहा तो जान से खत्म कर देंगे।
यह खबर सिटी ब्लास्ट ई-पेपर के 18 अगस्त 2026 के अंक में पृष्ठ 9 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें



