इंदौर। बाणगंगा थाना क्षेत्र में एक युवक को एक्सिस बैंक का मैनेजर बनकर फोन करने और क्रेडिट कार्ड की लिमिट बढ़ाने का लालच देकर 1 लाख 47 हजार रुपये की चपत लगाने का मामला सामने आया है। जालसाज ने फरियादी को एक व्हाट्सएप लिंक भेजा, जिस पर क्लिक करते ही मोबाइल हैक हो गया और देखते ही देखते खाते से भारी-भरकम राशि उड़ गई। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात ठग के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, राजाराम नगर निवासी जितेंद्र पिता गोवर्धनलाल माहेश्वरी ने बाणगंगा थाने पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई। फरियादी जितेंद्र ने बताया कि गत 26 सितंबर को उनके मोबाइल पर एक नंबर 9109131743 से कॉल आया। फोन करने वाले व्यक्ति ने खुद को एक्सिस बैंक का मैनेजर बताया और भरोसे में लेते हुए कहा कि उनके क्रेडिट कार्ड की लिमिट बढ़ाई जा रही है। प्रक्रिया पूरी करने के बहाने जालसाज ने फरियादी के व्हाट्सएप पर एक लिंक भेजा और उस पर क्लिक करने को कहा। जैसे ही फरियादी ने भेजे गए लिंक पर क्लिक किया, उनका मोबाइल अचानक हैंग हो गया और काम करना बंद कर दिया। कुछ ही देर बाद जब मोबाइल सामान्य हुआ, तो उनके क्रेडिट कार्ड से कुल 1,47,000 रुपये का अनधिकृत और धोखाधड़ीपूर्ण ट्रांजैक्शन होने का मैसेज आया। खाते से रकम कटते ही पीड़ित के होश उड़ गए। उन्होंने तुरंत साइबर हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद बाणगंगा थाना पुलिस ने फरियादी की रिपोर्ट पर अज्ञात आरोपी के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया है। पुलिस मोबाइल नंबर और ट्रांजैक्शन ट्रेल की मदद से शातिर साइबर ठग की लोकेशन ट्रेस करने में जुट गई है।
यह खबर सिटी ब्लास्ट ई-पेपर के 4 अक्टूबर 2026 के अंक में पृष्ठ 9 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें



