मंगलवार, 13 अक्टूबर 2026
इंदौर की ताज़ा खबरें – City Blast Indore Hindi News
ब्रेकिंग
अपराध

रिकवरी के नाम पर ऑफिस में घुसकर गुंडागर्दी

युवती, पिता और भाई से मारपीट, कंप्यूटर-सामान तोड़ा, 4 पर केस दर्ज

आजाद नगर थाना क्षेत्र के पालदा नाका स्थित एक ऑफिस में पिरामल फाइनेंस के कर्मचारियों द्वारा लोन रिकवरी के नाम पर जमकर गुंडागर्दी करने का मामला सामने आया है। आरोपियों ने किस्त चुकाने की बात को लेकर युवती, उसके पिता और भाई के साथ लात- घूसों से मारपीट की और ऑफिस के गेट व कंप्यूटर में तोड़फोड़ कर नुकसान पहुंचाया। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने 4 आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, पवनपुरी निवासी फरियादी संस्कृति पिता शिव पाटिल ने आजाद नगर थाने में शिकायत दर्ज कराई है। पीड़िता ने बताया कि आरोपी प्रणय, आयुष निवासी देवास रोड, राजकुमार ब्रिज, सुनील निवासी रानी बाग, खंडवा रोड और शशिकांत निवासी यशवंत निवास रोड उनके पालदा नाका स्थित ऑफिस पहुंचे। आरोपियों ने कहा कि वे पिरामल फाइनेंस बैंक से उनकी कार क्रमांक एम- 09 जेडएक्स-7514 के लोन वसूली के लिए आए हैं और 2 किश्तें बाउंस होने का हवाला देकर अवैध रूप से रुपयों की मांग करने लगे। जब फरियादी ने आरोपियों से कहा कि वे कार बेचकर लोन फोरक्लोज कर रही हैं, तो आरोपी भड़क गए। आरोपियों ने फरियादी, उनके पिता शिव पाटिल और भाई यशवंत को गालियां देना शुरू कर दिया। इसके बाद आरोपी जबरन ऑफिस में दोबारा घुस गए और पिता-भाई के साथ लात-घूंसों से मारपीट की। आरोपियों ने ऑफिस के गेट, कंप्यूटर और अन्य सामान में तोड़फोड़ कर भारी नुकसान पहुंचाया।

यह खबर सिटी ब्लास्ट ई-पेपर के 21 अगस्त 2026 के अंक में पृष्ठ 12 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें