मंगलवार, 13 अक्टूबर 2026
इंदौर की ताज़ा खबरें – City Blast Indore Hindi News
ब्रेकिंग
अपराध

रेलवे परिसर से वाहन चुराने वाला शातिर चोर गिरफ्तार

चोरी के 4 दुपहिया वाहन बरामद

रेलवे परिसर और रेल यात्रियों की सुरक्षा के लिए चलाई जा रही विशेष मुहिम के तहत जीआरपी इंदौर को वाहन चोरों के खिलाफ एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। जीआरपी चौकी डॉक्टर अंबेडकर नगर (महू) की टीम ने तकनीकी निगरानी और त्वरित कार्रवाई करते हुए एक शातिर वाहन चोर को धरदबोचा है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर चोरी किए गए कुल चार दोपहिया वाहन बरामद किए हैं, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 2 लाख 20 हजार रुपये आंकी गई है। पुलिस अब इन बरामद वाहनों के वास्तविक मालिकों का पता लगाने के साथ ही आरोपी से अन्य वारदातों के संबंध में पूछताछ कर रही है।

रेलवे की लोको लॉबी में कार्यरत कर्मचारी गोविंद प्रसाद कैथवास ने शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया था कि गत 1 जुलाई को उन्होंने अपनी होंडा शाइन मोटरसाइकिल आरपीएफ पोस्ट के पीछे खड़ी की थी, जिसे कोई अज्ञात बदमाश चोरी कर ले गया था। जीआरपी ने मामला दर्ज कर जब घटनास्थल और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले, तो एक संदिग्ध युवक नजर आया। फुटेज के आधार पर पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी अरविंद कुमार वर्तमान निवासी पीथमपुर, जिला धार को हिरासत में ले लिया। हिरासत में लेकर जब पुलिस ने आरोपी अरविंद से कड़ाई और वैज्ञानिक तरीके से पूछताछ की, तो उसने लोको लॉबी के पास से बाइक चोरी करने का जुर्म कबूल कर लिया। पुलिस ने पहले उसके कब्जे से फरियादी की होंडा शाइन बाइक बरामद की, जिसके बाद आरोपी ने शहर के अन्य इलाकों से भी वाहन चोरी करने की बात स्वीकार की। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर तीन अन्य दोपहिया वाहन भी जब्त किए हैं।

यह खबर सिटी ब्लास्ट ई-पेपर के 17 जुलाई 2026 के अंक में पृष्ठ 12 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें