मंगलवार, 13 अक्टूबर 2026
इंदौर की ताज़ा खबरें – City Blast Indore Hindi News
ब्रेकिंग
अपराध

रात में घर के बाहर बदमाशों का तांडव

दरवाजे और एक्टिवा में की तोड़फोड़, जान से मारने की धमकी देकर फरार

सदर बाजार थाना क्षेत्र में आधी रात को घर के बाहर पहुंचकर बदमाशों द्वारा जमकर उत्पात मचाते हुए वाहन व दरवाजे में तोड़फोड़ कर डाली। फरियादी के बाहर आने और विरोध करने पर आरोपी ने अपने साथियों के साथ मिलकर गाली-गलौज की और पथराव कर नुकसान पहुंचाया। सदर बाजार थाना पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर मुख्य आरोपी और उसके साथियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, साउथ गाडराखेड़ी निवासी फरियादी रोहित पिता बहादुर सिंह गेहलोत ने आरोपियों के खिलाफ थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। पीड़ित रोहित ने पुलिस को बताया कि वह रात में अपने परिवार के साथ घर के अंदर सो रहा था। इसी दौरान आधी रात को अचानक मुख्य दरवाजे पर कुछ भारी चीज गिरने की तेज आवाज हुई। आवाज सुनकर जब रोहित तुरंत उठकर घर के बाहर आया, तो उसने देखा कि उसके पड़ोस में ही रहने वाला टप्पू चौहान अपने कुछ अन्य साथियों के साथ वहां खड़ा था और रोहित व उसके पूरे परिवार को गालियां दे रहा था। जब रोहित ने आरोपियों को आधी रात को अकारण गाली-गलौज करने से मना किया, तो आरोपी टप्पू चौहान और उग्र हो गया। उसने गुस्से में आकर रोहित की घर के बाहर खड़ी एक्टिवा क्रमांक एमपी 09 एसएक्स 4355 को जोर से धक्का देकर जमीन पर पटक दिया, जिससे गाड़ी की बॉडी पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई। इसके बाद बदमाशों ने रोहित के मकान के मुख्य दरवाजे पर ईंट-पत्थर बरसाना शुरू कर दिया, जिससे दरवाजा टूट गया। शोर सुनकर जब पीड़ित की मां उर्मिला गेहलोत बाहर आईं, तो आरोपी अपने साथियों के साथ वहां से भाग खड़ा हुआ। भागते-भागते बदमाश खुलेआम चमका कर गए कि आज तो तुम लोग बच गए हो, लेकिन अगली बार सामने आए तो जान से खत्म कर देंगे। सदर बाजार पुलिस ने शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर आरोपी टप्पू चौहान और उसके साथियों की धरपकड़ के प्रयास तेज कर दिए हैं।

यह खबर सिटी ब्लास्ट ई-पेपर के 20 जुलाई 2026 के अंक में पृष्ठ 9 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें