इंदौर। बाणगंगा थाना क्षेत्र में रॉन्ग साइड से गाड़ी लेकर आ रहे चालक को जब पीड़ित ने रफ्तार धीमी करने का इशारा किया, तो आरोपी ने गाड़ी रोककर पति-पत्नी दोनों पर हमला कर दिया। बाणगंगा थाना पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर वैन नंबर के आधार पर चालक के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया है। पुलिस के अनुसार, सोमानी नगर 60 रोड निवासी फरियादी प्रितेश पिता प्रहलाद जोशी ने आरोपी चालक के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। पीड़ित प्रितेश ने पुलिस को बताया कि वे अपनी पत्नी सचिता जोशी के साथ जा रहे थे, तभी सामने से वैन क्रमांक श्झ्09Zें8462 का चालक लापरवाही पूर्वक गाड़ी को उल्टी दिशा में दौड़ाते हुए लाया। दुर्घटना की आशंका को देखते हुए प्रितेश ने हाथ का इशारा कर चालक से वैन धीमी करने को कहा। इतनी सी बात पर आरोपी वैन चालक बुरी तरह भड़क गया और गाड़ी बीच रास्ते में रोककर गालियां बकने लगा। जब प्रितेश और उनकी पत्नी सचिता ने उसे गाली-गलौज करने से मना किया, तो आरोपी वैन से नीचे उतरा और दोनों के साथ धक्का- मुक्की करते हुए थप्पड़ों और मुक्कों से बेरहमी से मारपीट शुरू कर दी। इस अचानक हुए हमले में प्रितेश की गर्दन व हाथ पर गंभीर चोटें आई हैं, जबकि बीच-बचाव करने उतरीं उनकी पत्नी सचिता जोशी को भी हाथ में चोट लगी है। दंपती को पीटने के बाद आरोपी चालक उन्हें धमकाते हुए भागा कि आइंदा अगर मुझे दोबारा कुछ बोला या टोकने की कोशिश की, तो जान से खत्म कर दूंगा।
यह खबर सिटी ब्लास्ट ई-पेपर के 17 जुलाई 2026 के अंक में पृष्ठ 9 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें



