इंदौर। परदेशीपुरा थाना क्षेत्र के मालवा मिल चौराहे के पास पुराने विवाद में राजीनामा करने का दबाव बनाने और मना करने पर मारपीट का मामला सामने आया है। दो बदमाशों ने एक युवक को रोककर पुराने केस में समझौते की बात कही। जब पीड़ित ने राजीनामा करने से साफ इंकार कर दिया, तो बदमाशों ने गाली-गलौज करते हुए उस पर हमला कर दिया। इस दौरान एक आरोपी ने अपनी कमर से बेल्ट निकालकर युवक के सिर पर दे मारा, जिससे वह लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़ा। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, फरियादी मधुर पिता सुरेंद्र भामी निवासी गौटी की चाल, परदेशीपुरा ने थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई है। फरियादी ने बताया कि वह मालवा मिल चौराहे के पास से गुजर रहा था, तभी पुरानी रंजिश के चलते आरोपी संजू रील निवासी अमर टेकरी, विकास नगर और उसका साथी सागर मराठा वहां आ धमके। दोनों आरोपियों ने मधुर को रोक लिया और पुराने झगड़े को लेकर राजीनामा करने की बात कहने लगे। जब फरियादी मधुर ने राजीनामा करने से मना कर दिया, तो दोनों आरोपी भड़क गए और गालियां देने लगे। फरियादी द्वारा गाली-गलौज का विरोध करने पर आरोपियों ने उसके साथ हाथ-घूंसे से मारपीट शुरू कर दी। इसी बीच आरोपी सागर मराठा ने अपनी कमर से चमड़े का बेल्ट निकाला और मधुर के सिर पर जोर से वार कर दिया। बेल्ट लगते ही सिर में गहरा घाव हो गया और खून बहने लगा, जिससे मधुर सड़क पर गिर पड़ा। युवक के नीचे गिरते ही आरोपी संजू रील ने भी उस पर लात-घूंसे बरसाना जारी रखा। चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग इकट्ठा होने लगे, जिन्हें देखकर आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से भाग निकले।
यह खबर सिटी ब्लास्ट ई-पेपर के 8 सितम्बर 2026 के अंक में पृष्ठ 9 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें



