इंदौर। शहर के पलासिया थाना क्षेत्र अंतर्गत लोक निर्माण विभाग की महिला इंजीनियर की आत्महत्या के मामले में पुलिस ने पति के खिलाफ प्रताड़ना का केस दर्ज किया है। लगभग 20 दिन पूर्व हुई इस घटना के बाद मृतका के मायके पक्ष की शिकायतों और आरोपों की जांच के लिए विशेष जांच दल का गठन किया गया था। एसआईटी की जांच रिपोर्ट और बयानों के आधार पर पलासिया थाना पुलिस ने गुरुवार देर रात आरोपी पति के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। पुलिस के अनुसार, लोक निर्माण विभाग में वरिष्ठ इंजीनियर के पद पर पदस्थ आरती यादव ने अपने शासकीय क्वार्टर में फांसी लगाकर आत्महत्या का प्रयास किया था। घटना के तुरंत बाद उनके पति नीलेश यादव उन्हें उपचार के लिए अस्पताल लेकर पहुंचे थे, जहां इलाज के दौरान अगले दिन उनकी मौत हो गई थी। घटना के बाद मृतका आरती के भाई उपेंद्र ने पति नीलेश यादव पर अपनी बहन को लंबे समय से शारीरिक व मानसिक रूप से प्रताड़ित करने और तनाव में रखने के गंभीर आरोप लगाए थे। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने निष्पक्ष जांच के लिए एसआईटी गठित की थी। जांच के दौरान एसआईटी ने परिजनों, सहकर्मियों और दंपती की दोनों बेटियों के भी विस्तृत बयान दर्ज किए। बयानों और संकलित साक्ष्यों के आधार पर पलासिया थाना पुलिस ने आरोपी पति नीलेश यादव के खिलाफ प्रताड़ना की धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
यह खबर सिटी ब्लास्ट ई-पेपर के 14 अगस्त 2026 के अंक में पृष्ठ 12 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें



