आजाद थाना क्षेत्र में पुराने आपराधिक मामले में राजीनामा कराने से मना करने पर आक्रोशित साले और साढू ने मिलकर युवक के साथ जमकर मारपीट की और उसे उठाकर जमीन पर पटक दिया, जिससे वह घायल हो गया। आजाद नगर थाना पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर दोनों आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार मूसाखेड़ी निवासी फरियादी सुदीप पिता रघुवीर बघेल ने थाने पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई है। पीड़ित सुदीप ने पुलिस को बताया कि उनका साला पवन पूर्व में किसी आपराधिक मामले में जेल गया था। पवन लगातार सुदीप पर उस मामले में राजीनामा करवाने का दबाव बना रहा था। जब सुदीप ने असहमति जताते हुए कहा कि मैं इस मामले में कुछ नहीं कर सकता, तो पवन और उसका साढू मुकेश दोनों निवासी चौधरी पार्क, मूसाखेड़ी उससे रंजिश रखने लगे। घटना के समय जब फरियादी ने आरोपियों को अकारण गाली-गलौज करने से रोका, तो दोनों उग्र हो गए। आरोपियों ने एकमत होकर सुदीप पर लात-घूंसों और थप्पड़ों की बरसात कर दी और मारपीट करते हुए उसे उठाकर जोर से जमीन पर पटक दिया। जमीन पर गिरने से पीड़ित के बाएं हाथ में गंभीर चोट आई है। चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोगों को आता देख आरोपी मौके से भाग निकले।
यह खबर सिटी ब्लास्ट ई-पेपर के 24 जुलाई 2026 के अंक में पृष्ठ 4 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें



