बाणगंगा थाना क्षेत्र के एमआर-10 स्थित रेलवे ट्रैक पर एक प्रॉपर्टी ब्रोकर की ट्रेन से टकराने के कारण संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, जहां रेलवे लाइन के समीप ही मृतक की एक्टिवा स्कूटी भी खड़ी मिली। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए एमवाय अस्पताल भिजवा दिया है और मामले में दुर्घटना व आत्महत्या दोनों ही पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच शुरू कर दी है।
बाणगंगा पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान अनिल पिता दगडू फरादे (52) के रूप में हुई है, जो शहर में प्रॉपर्टी ब्रोकिंग का काम करते थे। उनके परिवार में दो बेटे हैं। देर रात घटना स्थल से मिले मोबाइल फोन की मदद से पुलिस ने उनके परिजनों को इस दुखद घटना की सूचना दी। मृतक के भतीजे रोहित ने बताया कि चाचा अनिल देर रात एमआर-10 रेलवे ट्रैक तक कैसे और किन परिस्थितियों में पहुंचे, इसकी कोई जानकारी परिवार को नहीं है। परिजनों ने अनिल पर किसी भी प्रकार के आर्थिक कर्ज, मानसिक तनाव या पारिवारिक विवाद की बात से साफ इंकार किया है। बाणगंगा थाना पुलिस के अनुसार, परिजनों के विस्तृत बयान दर्ज किए जा रहे हैं और मृतक के मोबाइल की कॉल डिटेल खंगाली जा रही है, जिसके बाद ही घटना की सही वजह स्पष्ट हो सकेगी।
यह खबर सिटी ब्लास्ट ई-पेपर के 5 अक्टूबर 2026 के अंक में पृष्ठ 12 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें



