बाणगंगा थाना क्षेत्र में सुपर कॉरिडोर पर ढाई महीने पूर्व हुए भीषण सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल युवक ने आखिरकार अस्पताल में जिंदगी की जंग हार दी। अरविंदो अस्पताल के बाद एमवाय अस्पताल में भर्ती कराए गए युवक की रविवार देर रात इलाज के दौरान मौत हो गई। इस हादसे में युवक का साथी घटना के दिन ही दम तोड़ चुका था। पुलिस ने मर्ग कायम कर शव का पोस्टमार्टम करवाने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है। मृतक अंकित लोधी पिता रामलाल लोधी (25) निवासी कुशवाह नगर है। बताते है कि अंकित एक निजी कंपनी में कार्यरत थे। गत 4 जुलाई की सुबह वे अपनी नाइट शिफ्ट खत्म करके साथी के साथ मोटरसाइकिल से घर लौट रहे थे। इसी दौरान सुपर कॉरिडोर पर पीछे से आ रही एक तेज रफ्तार अनियंत्रित कार ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी थी। टक्कर इतनी भीषण थी कि अंकित के साथी की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई थी, जबकि अंकित सिर और शरीर में गंभीर चोटें आने से लहूलुहान होकर बेहोश हो गए थे।
हादसे के तुरंत बाद परिजनों और राहगिरों ने गंभीर हालत में अंकित को उपचार के लिए अरबिंदो अस्पताल में भर्ती कराया था। लंबे समय तक चले इलाज के बाद भी स्थिति में सुधार न होने पर करीब आठ दिन पहले परिजनों ने उन्हें एमवाय अस्पताल स्थानांतरित कराया था, जहां आईसीयू में इलाज के दौरान रविवार देर रात अंकित ने अंतिम सांस ली। मृतक अपने पीछे बिलखते माता-पिता, पत्नी, एक मासूम बेटे और भाई को छोड़ गए हैं।
यह खबर सिटी ब्लास्ट ई-पेपर के 14 सितम्बर 2026 के अंक में पृष्ठ 4 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें



