इंदौर। संयोगितागंज थाना क्षेत्र में जिला जेल की खुली जेल व्यवस्था से एक कैदी के फरार होने का मामला सामने आया है। खुली जेल से रोज की तरह अपने दैनिक कार्यों के लिए बाहर जाने वाला एक बंदी शाम को निर्धारित समय पर वापस नहीं लौटा और गायब हो गया। जेल प्रशासन की शिकायत पर पुलिस ने फरार बंदी के खिलाफ केस दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, यह घटना जिला जेल से जुड़ी हुई है। जिला जेल के मुख्य प्रहरी राजेंद्र पाटिल ने थाने पहुंचकर इस संबंध में शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत में बताया गया है कि आरोपी बंदी किशोर पिता विलासराव गायकवाड, निवासी रेलवे कॉलोनी, घासपुरा, खंडवा वर्तमान में जिला जेल की खुली जेल में निरुद्ध था। नियमों के तहत इस खुली जेल के बंदियों को प्रतिदिन अपने दैनिक कार्य व मजदूरी आदि के लिए खुली जेल परिसर से बाहर जाने की अनुमति होती है। मंगलवार को भी आरोपी किशोर खुली जेल से अपने निजी कार्य के लिए बाहर गया था और गेट पर तैनात संतरी के रजिस्टर में एंट्री कर बाहर निकला था। नियमानुसार इस बंदी को शाम को तय समय पर वापस खुली जेल पहुंचकर रात्री लॉकअप में अपनी उपस्थिति दर्ज करानी थी। किंतु, वह निर्धारित समयानुसार वापस नहीं लौटा और लगातार अनुपस्थित रहते हुए फरार हो गया। जेल परिसर के अंदर काफी तलाश करने और उसका कोई सुराग न मिलने पर जेल प्रशासन ने इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दी।
सोना-चांदी के आज के भाव
फिजिकल भाव 1 बजे ओपन होता है
संयोगितागंज थाना पुलिस ने मुख्य प्रहरी की रिपोर्ट पर फरार आरोपी बंदी किशोर गायकवाड के खिलाफ संबंधित धाराओं में प्रकरण दर्ज कर लिया है। पुलिस अब उसकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।
यह खबर सिटी ब्लास्ट ई-पेपर के 14 अक्टूबर 2026 के अंक में पृष्ठ 9 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें


