इंदौर। क्राइम ब्रांच ने मादक पदार्थों के अवैध कारोबार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए चार बार के आदतन अपराधी को 12.90 ग्राम अवैध ब्राउन शुगर के साथ दबोच लिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से ड्रग्स और तस्करी में प्रयुक्त बिना नंबर की स्कूटी सहित कुल दो लाख रुपए का माल जब्त किया है। एडिशनल डीसीपी राजेश दंडोतिया के अनुसार, क्राइम ब्रांच की टीम पशु चिकित्सालय के सामने, पत्थर गोदाम रोड पर चेकिंग और गश्त कर रही थी। इसी दौरान एक व्यक्ति बिना नंबर की सफेद रंग की सुजुकी एक्सेस गाड़ी पर संदिग्ध अवस्था में बैठा दिखाई दिया, जो पुलिस वाहन को देखकर भागने का प्रयास करने लगा। पुलिसकर्मियों ने घेराबंदी कर उसे दबोच लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम यश मकोरे निवासी छत्रीपुरा बताया। तलाशी लेने पर उसकी जेब से 12.90 ग्राम अवैध ब्राउन शुगर बरामद हुई, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 1.20 लाख रुपए है। इसके अलावा 80 हजार रुपए कीमत का दोपहिया वाहन भी जप्त किया गया है। गिरफ्तार आरोपी यश मकोरे 7वीं तक शिक्षित है और शादियों आदि समारोहों में ढोलक बजाने का काम करता है। पूछताछ और पुलिस रिकॉर्ड खंगालने पर सामने आया कि आरोपी के खिलाफ पूर्व से एनडीपीएस और आबकारी एक्ट के तहत कुल 04 गंभीर आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं। क्राइम ब्रांच ने आरोपी के खिलाफ थाना अपराध शाखा में एनडीपीएस एक्ट नया प्रकरण पंजीबद्ध कर लिया है। पुलिस अब आरोपी से इस अवैध मादक पदार्थ के स्रोत, मुख्य सप्लायर और उसके पूरे फॉरवर्ड-बैकवर्ड नेटवर्क के संबंध में गहनता से पूछताछ कर रही है।
यह खबर सिटी ब्लास्ट ई-पेपर के 14 अक्टूबर 2026 के अंक में पृष्ठ 10 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें


