इंदौर। कनाड़िया थाना क्षेत्र में शातिर साइबर अपराधियों ने फर्जी एप्लीकेशन के जरिए एक व्यक्ति का मोबाइल हैक कर उनके बैंक खाते से हजारों रुपये की रकम ट्रांसफर कर ली। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर प्रकरण दर्ज कर लिया है। पुलिस के अनुसार, यह घटना कनाड़िया थाना क्षेत्र के अंतर्गत अरावली परिसर, भूरी टेकरी निवासी संदीप पिता अंबालाल लबाना के साथ हुई है। फरियादी संदीप ने पुलिस को शिकायत दर्ज कराते हुए बताया कि किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा फेसबुक पर ए जी टी व्ही नाम से एक फर्जी लिंक शेयर की गई थी। उस लिंक के माध्यम से उनके मोबाइल में एक फर्जी एप्लीकेशन डाउनलोड करवा ली गई, जिससे उनका मोबाइल पूरी तरह से हैक हो गया। मोबाइल हैक होने के बाद शातिर ठगों ने उनके गूगल पे अकाउंट का उपयोग करते हुए चुपचाप 98 हजार रुपये की राशि का ऑनलाइन ट्रांजैक्शन कर लिया और उनके साथ बड़ी धोखाधड़ी को अंजाम दिया।
यह खबर सिटी ब्लास्ट ई-पेपर के 14 अक्टूबर 2026 के अंक में पृष्ठ 10 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें



