इंदौर। हीरा नगर थाना क्षेत्र के अंतर्गत गरबा देखने गए एक नाबालिग पर पुराने विवाद के चलते कुछ युवकों ने जानलेवा हमला कर दिया। बदमाशों ने बीच बाजार और गरबा स्थल के पास युवक को घेरकर चाकू से ताबड़तोड़ वार किए और कड़े से सिर पर हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। पुलिस के अनुसार, यह पूरी घटना हीरा नगर थाना क्षेत्र के अंतर्गत पशुपतिनाथ मंदिर, बजरंग नगर के पास घटी। फरियादी प्रथमेश (16) ने थाने पहुंचकर अपने साथ हुई इस मारपीट की शिकायत दर्ज कराई है। पीड़ित प्रथमेश ने पुलिस को बताया कि घटना से दो-तीन दिन पहले आरोपी अविरल ने रास्ते में उसकी गाड़ी पर जानबूझकर कट मारा था और उसे रास्ते में रोककर जान से मारने की धमकी दी थी। इसी पुरानी रंजिश के चलते जब बुधवार को प्रथमेश बजरंग नगर स्थित पशुपतिनाथ मंदिर पर गरबा देखने पहुंचा, तो वहां आरोपी अविरल अपने अन्य साथियों दीपेश निवासी सेठी नगर, आस्तिक निवासी संजय नगर और कृष्णा निवासी नंदा नगर के साथ आ गया। वहां पहुंचते ही आरोपी उसे गालियां देने लगे। जब पीड़ित ने विरोध किया, तो आरोपी आस्तिक ने अचानक अपनी जेब से चाकू निकालकर प्रथमेश की दायीं जांघ पर दो-तीन जोरदार वार कर दिए। इसके साथ ही आरोपी दीपेश ने अपने हाथ में पहने हुए लोहे के कड़े से उसके सिर पर वार किया, जिससे वह लहूलुहान हो गया। वहीं, अविरल और कृष्णा ने उसे पकड़कर थप्पड़-मुक्कों से पीटा और जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए।
यह खबर सिटी ब्लास्ट ई-पेपर के 14 अक्टूबर 2026 के अंक में पृष्ठ 9 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें



