इंदौर। बाणगंगा थाना क्षेत्र में एक अस्पताल परिसर में मामूली बात को लेकर दो महिलाओं के बीच विवाद और मारपीट का मामला सामने आया है। इलाज के लिए अस्पताल पहुंची एक महिला के साथ पर्ची कटवाने की बात पर कहासुनी हो गई, जिसके बाद आरोपियों ने उसके साथ धक्का-मुक्की और मारपीट की। पीड़ित महिला की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात महिलाओं के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, यह घटना सांवेर रोड स्थित अरविंदो अस्पताल में घटी। फरियादी हेमलता सिंह पति महेंद्र सिंह, निवासी चंद्रभागा भाट मोहल्ला ने थाने पहुंचकर पुलिस को पूरी घटना की जानकारी दी। पीड़ित महिला ने पुलिस को बताया कि वे अपने इलाज के सिलसिले में अरविन्दो अस्पताल गई थीं। अस्पताल की ओपीडी काउंटर पर जब वे अपनी पर्ची कटवा रही थीं, उसी दौरान उनके ठीक पीछे खड़ी एक अन्य महिला से पर्ची कटवाने की प्रक्रिया को लेकर हल्की कहासुनी हो गई। शिकायत के मुताबिक, उस महिला द्वारा कही गई बातें आसपास खड़े लोगों को भी बुरी लगीं। जब हेमलता ने उसे ऐसा कहने से मना किया, तो वह महिला भड़क गई और उसके साथ आई एक अन्य महिला ने भी मिलकर हेमलता के साथ गालियां देते हुए थप्पड़-मुक्कों से मारपीट शुरू कर दी। आरोपियों ने उनके साथ जमकर झूमाझटकी भी की, जिसके कारण पीड़ित महिला की पीठ और हाथ में अंदरूनी चोटें आई हैं। घटना के बाद पीड़ित महिला ने बाणगंगा थाने पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने फरियादी की रिपोर्ट के आधार पर अज्ञात महिलाओं के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया है।
यह खबर सिटी ब्लास्ट ई-पेपर के 14 अक्टूबर 2026 के अंक में पृष्ठ 10 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें



