सोमवार, 12 अक्टूबर 2026
इंदौर की ताज़ा खबरें – City Blast Indore Hindi News
ब्रेकिंग
अपराध

मजदूर की गिरने से हुई मौत में ठेकेदार पर पुलिस की कार्रवाई

सुरक्षा साधनों के बिना ऊंचाई पर कराया था काम

लसूड़िया थाना क्षेत्र में गत दिनों निर्माणाधीन इमारत की चौथी मंजिल से गिरकर हुई मजदूर की मौत के मामले में पुलिस ने मर्ग जांच के बाद बड़ी कार्रवाई की है। लापरवाही बरतने और मजदूर को सुरक्षा उपकरण उपलब्ध न कराने पर लसूड़िया पुलिस ने आरोपी ठेकेदार के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया है।

पुलिस के अनुसार, मृतक 30 वर्षीय मनीष पिता संतोष झा निवासी नंदबाग कॉलोनी के रूप में हुई है। यह दर्दनाक हादसा गत 18 जून को स्कीम नंबर 78 स्थित एक निर्माणाधीन साइट की चौथी मंजिल पर हुआ था। घटना के बाद पुलिस ने मर्ग कायम कर बारीकी से जांच शुरू की थी। मर्ग जांच के दौरान पुलिस को साक्ष्य मिले कि आरोपी ठेकेदार संदीप शर्मा निवासी टिगरिया बादशाह ने मजदूर मनीष झा से इतनी ऊंचाई पर जोखिम भरा काम तो कराया, लेकिन उसे सुरक्षा के बुनियादी साधन जैसे हेलमेट, सेफ्टी बेल्ट या नेट उपलब्ध नहीं कराए। सुरक्षा इंतजाम न होने के कारण काम करते समय संतुलन बिगड़ने से मनीष सीधे चौथी मंजिल से नीचे गिर गया और गंभीर चोटें आने से उसकी मौत हो गई। जांच में ठेकेदार की प्रत्यक्ष लापरवाही उजागर होने पर लसूड़िया थाना पुलिस ने आरोपी संदीप शर्मा के खिलाफ आपराधिक मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

यह खबर सिटी ब्लास्ट ई-पेपर के 16 सितम्बर 2026 के अंक में पृष्ठ 11 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें