इंदौर। द्वारकापुरी थाना क्षेत्र में पारिवारिक संबंधों का फायदा उठाकर और विश्वास में लेकर लाखों रुपये की ठगी करने का मामला सामने आया है। आरोपियों ने पीड़ित को दो अलग-अलग पेट्रोल पंप स्थापित करवाने और उनमें पार्टनरशिप देने का झांसा देकर विभिन्न माध्यमों से बड़ी रकम हड़प ली। पीड़िता की शिकायत और जांच के बाद पुलिस ने आरोपी पति-पत्नी के खिलाफ धोखाधड़ी का प्रकरण दर्ज कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, फरियादी की रिपोर्ट पर आरोपी पूजा दुबे और उसके पति सावन दुबे निवासी श्रीजी हाइट्स, श्रीजी वैली कॉलोनी, बिचौली मर्दाना के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया गया है। पीड़ितों ने पुलिस को बताया कि आरोपियों के साथ उनके पुराने पारिवारिक संबंध थे। इसी घनिष्ठता और विश्वास का फायदा उठाते हुए आरोपियों ने उन्हें ग्राम सगवाल स्थित मां आशापुर फ्यूल्स और हाटपिपल्या स्थित मां अंबे फ्यूल्स। नाम से नए पेट्रोल पंप स्थापित करवाने का प्रलोभन दिया। आरोपियों ने पेट्रोल पंप में हिस्सेदारी देने का वादा किया और कागजी कार्रवाई व सेटअप के नाम पर समय-समय पर पीड़ितों से आरटीजीएस, ऑनलाइन ट्रांसफर और नगद माध्यमों से भारी राशि ऐंठ ली। जब काफी समय बीत जाने के बाद भी पेट्रोल पंप से जुड़ा कोई काम नहीं हुआ और न ही पार्टनरशिप दी गई, तब पीड़ितों को अपने साथ हुई धोखाधड़ी का अहसास हुआ। इसके बाद फरियादी ने द्वारकापुरी थाने में शिकायत दर्ज कराई।
यह खबर सिटी ब्लास्ट ई-पेपर के 24 अगस्त 2026 के अंक में पृष्ठ 10 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें



