सोमवार, 12 अक्टूबर 2026
इंदौर की ताज़ा खबरें – City Blast Indore Hindi News
ब्रेकिंग
अपराध

पारिवारिक विवाद में भिड़े दो पक्ष, पति की दो पत्नियों के पक्षों में चले बैट

इंदौर। खुड़ैल थाना क्षेत्र में पारिवारिक विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट हो गई। पति की पहली और दूसरी पत्नी के परिवारों के बीच हुए इस विवाद…

इंदौर। खुड़ैल थाना क्षेत्र में पारिवारिक विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट हो गई। पति की पहली और दूसरी पत्नी के परिवारों के बीच हुए इस विवाद में दरवाजे तोड़े गए और बैट से हमला कर कई लोगों को घायल कर दिया गया। पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार पहले पक्ष की फरियादी रचना पति सुभाष सोलंकी निवासी पिवड़ाय की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी ममता पति सुभाष सोलंकी और उसकी बेटी मुस्कान निवासी बुढानिया, हातोद के खिलाफ केस दर्ज किया है। रचना ने बताया कि वह घर पर अकेली थी, तभी उसके पति की पहली पत्नी ममता अपनी बेटी के साथ हाथ में बैट लेकर आई और घर का दरवाजा तोड़ने लगी। दरवाजा तोड़कर अंदर घुसी आरोपियों ने गालियां दीं और विरोध करने पर बैट से सिर पर वार कर उसे घायल कर दिया। जेठानी रेखा ने मौके पर पहुंचकर बीच-बचाव किया। वहीं दूसरे पक्ष की फरियादी ममता पति सुभाष सोलंकी की शिकायत पर पुलिस ने पति सुभाष सोलंकी, दूसरी पत्नी रचना, भागीरथ, सुरेश, रेखाबाई, संदीप उर्फ पीयूष और संगीता परमार के खिलाफ मामला दर्ज किया है। ममता का आरोप है कि 4 दिन पहले उसके पति सुभाष ने विवाद सुलझाने के लिए उसे पिवड़ाय घर बुलाया था। जब वह अपनी बेटी के साथ वहां पहुंची, तो रचना और अन्य आरोपियों ने उन्हें घर से जाने को कहा और जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद आरोपियों ने उन्हें घर के अंदर खींचकर हमला कर दिया, जिससे ममता के चेहरे, गर्दन, सिर, पीठ और पेट में गंभीर चोटें आईं और बीच-बचाव में उसकी बेटी भी घायल हो गई।

यह खबर सिटी ब्लास्ट ई-पेपर के 22 अगस्त 2026 के अंक में पृष्ठ 9 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें