एरोड्रम थाना क्षेत्र में सुपर कॉरिडोर पर बीती देर रात एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। भीषण हादसे में कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और कार में सवार चालक व युवती समेत तीन लोग घायल हो गए। हादसे की सूचना पर पहुंची पुलिस ने राहगिरों की मदद से घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया। दुर्घटनाग्रस्त वाहन से बीयर के कैन और प्रसाद का डिब्बा बरामद हुआ है, जिससे चालक के नशे में होने की आशंका जताई जा रही है।
पुलिस के अनुसार, हादसा बीती देर रात सुपर कॉरिडोर स्थित ब्रिज से उतरते समय हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि एक कार क्रमांक एमप 13 सीसी 1032 अत्यधिक तेज रफ्तार में जा रही थी। जैसे ही कार ब्रिज की ढलान से नीचे उतरी, चालक ने संतुलन खो दिया और कार सीधे जाकर डिवाइडर से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार के परखच्चे उड़ गए। सड़क से गुजर रहे राहगिरों ने तुरंत घटना की सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने स्थानीय लोगों की मदद से कार में फंसे घायलों को बाहर निकाला और उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल भिजवाया। पुलिस को कार की तलाशी के दौरान बीयर के कैन और एक प्रसाद का डिब्बा मिला है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक प्रथम दृष्टया आशंका है कि कार चालक नशे की हालत में गाड़ी चला रहा था। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।
यह खबर सिटी ब्लास्ट ई-पेपर के 19 अगस्त 2026 के अंक में पृष्ठ 12 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें



