राजेन्द्र नगर थाना क्षेत्र में ओव्हर ब्रिज पर एक अनियंत्रित थार जीप रैलिंग तोड़ते हुए फिल्मी स्टाइल में करीब 50 फीट नीचे जा गिरी। कार नीचे गिरते ही पलट गई। हादसे के वक्त कार में दो युवक और दो युवती सवार थे। भीषण दुर्घटना के बावजूद गाड़ी के एयरबैग खुल जाने से बड़ा हादसा टल गया और चारों की जान बच गई।
बताया जा रहा है कि कार सवार युवक-युवती अन्नपूर्णा क्षेत्र से बिजलपुर की ओर जा रहे थे। गाड़ी की रफ्तार अत्यधिक तेज थी, जैसे ही थार जीप राजेंद्र नगर ब्रिज पर पहुंची चालक ने नियंत्रण खो दिया और गाड़ी ब्रिज की रैलिंग को तोड़ते हुए नीचे जा गिरी। घटना के बाद मौके पर हड़कंप मच गया। राहगिरों और पुलिस की मदद से घायल युवक युवतियों को तुरंत गाड़ी से निकालकर पास के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। कार सवार महालक्ष्मी नगर निवासी अभिजीत (24) और आशी (23) का इलाज जारी है। राजेंद्र नगर थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
यह खबर सिटी ब्लास्ट ई-पेपर के 12 सितम्बर 2026 के अंक में पृष्ठ 12 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें



