सोमवार, 12 अक्टूबर 2026
इंदौर की ताज़ा खबरें – City Blast Indore Hindi News
ब्रेकिंग
अपराध

चोरों का तांडव…दिनदहाड़े दो फ्लैटों के ताले चटकाकर लाखों के जेवर व नकदी पार

सतपुड़ा परिसर की घटना, सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस

गांधी नगर थाना क्षेत्र स्थित एक बहुमंजिला इमारत में चोरों ने दुस्साहस दिखाते हुए दिनदहाड़े दो सूने फ्लैटों को निशाना बनाया। बदमाश अलमारी के ताले तोड़कर लाखों रुपये कीमत के सोने-चांदी के आभूषण और हजारों रुपये की नकदी समेटकर रफूचक्कर हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच पड़ताल शुरू की और अज्ञात बदमाशों की तलाश के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है। गांधी नगर पुलिस के अनुसार, चोरी की यह सनसनीखेज वारदात 18 सितंबर की दोपहर 3:30 बजे से शाम 6:00 बजे के बीच सतपुड़ा परिसर में घटित हुई। मामले में पीड़िता अंजलि पति राहुल करंदीकर, निवासी ए-ब्लॉक, सतपुड़ा परिसर की शिकायत पर अज्ञात चोरों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। पीड़िता ने पुलिस को बताया कि दोपहर में जब घर पर कोई मौजूद नहीं था, उसी दौरान अज्ञात बदमाश उनके फ्लैट में दाखिल हुए और अलमारी का ताला खोलकर उसमें रखे सोने-चांदी के जेवर व नकद 15 हजार रुपये पार कर दिए। चोरी गए सामान में एक सोने की चेन, चार चांदी की चेन, चांदी का सिक्का, पायल और बच्चे के तीन जोड़ी चांदी के कड़े शामिल हैं। बदमाशों की हिम्मत इतनी बढ़ी हुई थी कि उन्होंने अंजलि करंदीकर के मकान के ठीक सामने रहने वाले कमलकिशोर पिता रामगोपाल नागर के बंद फ्लैट को भी निशाना बना डाला। आरोपियों ने उनके फ्लैट के मुख्य दरवाजे का ताला तोड़ा और भीतर रखी अलमारी से गहनों का डिब्बा चुरा लिया। उक्त डिब्बे में दो सोने की बाली, एक सोने का लौंग, दो जोड़ी चांदी की पायल, एक चांदी की चेन और 20 हजार रुपये नकद रखे हुए थे। शाम को जब रहवासी वापस लौटे तो दरवाजों के ताले टूटे और सामान अस्त-व्यस्त देख उनके होश उड़ गए।

सूचना मिलने पर गांधी नगर थाना पुलिस की टीम घटनास्थल पर पहुंची और साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने फरियादी की रिपोर्ट पर अज्ञात बदमाशों के खिलाफ चोरी का प्रकरण दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि इमारत और आसपास के रास्तों पर स्थापित सीसीटीवी कैमरों की फुटेज का विश्लेषण किया जा रहा है, ताकि संदिग्धों की पहचान कर आरोपियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जा सके।

यह खबर सिटी ब्लास्ट ई-पेपर के 20 सितम्बर 2026 के अंक में पृष्ठ 9 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें