इंदौर। विजय नगर थाना क्षेत्र में ऑर्बिट वाइन शॉप के सामने रास्ते में टकराने और घूरने जैसी मामूली सी बात को लेकर तीन से चार बदमाशों ने एक युवक पर जानलेवा हमला कर दिया। इस दौरान काली टी-शर्ट पहने एक बदमाश ने युवक की हत्या करने की नीयत से उसके पेट में चाकू से ताबड़तोड़ कई वार कर दिए, जिससे वह लहूलुहान होकर गिर पड़ा। घटना के बाद आरोपी अपनी बुलेट मोटरसाइकिल पर सवार होकर सरेराह जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए। विजय नगर थाना पुलिस ने पीड़ित के भाई की शिकायत पर अज्ञात बदमाशों के खिलाफ अपराध दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार कुंदन नगर द्वारकापुरी निवासी फरियादी अनिकेत पिता अशोक परिडवाल ने थाने पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई है। अनिकेत ने पुलिस को बताया कि उसका मौसेरा भाई प्रकाश खींची निवासी भागीरथपुरा जब विजय नगर स्थित ऑर्बिट वाइन शॉप के सामने से गुजर रहा था, तभी रास्ते में टकराने और घूरकर देखने की बात पर वहां मौजूद तीन-चार अज्ञात बदमाशों ने उसे रोक लिया और गालियां देना शुरू कर दिया। जब प्रकाश ने अकारण गाली- गलौज करने का कड़ा विरोध किया, तो बदमाशों ने उसके साथ लात-घूंसों से मारपीट शुरू कर दी। इसी बीच काली टी-शर्ट पहने एक शातिर बदमाश ने अपनी जेब से धारदार चाकू निकाला और जान से मारने की नीयत से प्रकाश के पेट के दाहिने हिस्से में एक के बाद एक चाकू घोंप दिए। पेट में चाकू लगने से गहरा घाव हो गया और मौके पर ही अत्यधिक मात्रा में खून बहने लगा। बीच सड़क पर हुई इस खूनी वारदात को देख जब आसपास के राहगीर और भीड़ इकट्ठा होने लगी, तो सभी आरोपी अपनी बुलेट मोटरसाइकिल पर सवार होकर यह धमकी देते हुए भाग निकले कि अगर पुलिस में रिपोर्ट करने गए तो अगली बार जान से खत्म कर देंगे। गंभीर रूप से घायल प्रकाश को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया है। विजय नगर पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालकर बुलेट सवार हमलावरों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास में जुट गई है।
यह खबर सिटी ब्लास्ट ई-पेपर के 20 जुलाई 2026 के अंक में पृष्ठ 9 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें



