इंदौर। शहर में अपराध और अपराधियों पर पूरी तरह अंकुश लगाने के उद्देश्य से इंदौर पुलिस कमिश्नरेट द्वारा बीती शाम से देर रात तक चारों जोन में एक साथ विशेष ऑपरेशन नाइट डोमिनेशन चलाया गया। वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों और थाना प्रभारियों के नेतृत्व में उतरी पुलिस टीमों ने सरप्राइज चेकिंग, कॉम्बिंग गश्त और पैदल मार्च कर गुंडे-बदमाशों और असामाजिक तत्वों के खिलाफ कड़ी वैधानिक कार्रवाई की। अभियान के दौरान पुलिस ने पूरे शहर में 1218 से अधिक अपराधियों और संदिग्धों को चेक किया, जिनमें से 524 बदमाशों के खिलाफ कड़े वैधानिक कदम उठाए गए। पुलिस ने लंबे समय से फरार चल रहे अपराधियों पर शिकंजा कसते हुए कुल 275 वारंट तामील कराए। इनमें 85 स्थाई वारंट, 76 गिरफ्तारी वारंट और 114 जमानती वारंट शामिल हैं। शराब पीकर तेज गति और लापरवाही से वाहन चलाने वाले 147 चालकों को पकड़ा गया, जिनके खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 185 के तहत कार्रवाई की गई। खुले और सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीने वाले 24 लोगों और अवैध मादक पदार्थों का सेवन करने वाले 3 आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर उन्हें हिरासत में लिया गया। आदतन अपराधियों और उपद्रवियों पर लगाम कसते हुए भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत कुल 75 बदमाशों पर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई। शहर के हॉटस्पॉट, संकरी गलियों, मल्टियों और शैडो एरिया में पुलिस ने पैदल गश्त के साथ-साथ ड्रोन कैमरों से विशेष निगरानी रखी। इस दौरान 210 गुंडे-बदमाशों, 86 चाकूबाजों, 73 नकबजनों, 30 लूट के आरोपियों, 130 निगरानी बदमाशों और 36 जिलाबदर अपराधियों सहित 565 से ज्यादा लिस्टेड बदमाशों की जांच की गई। सभी को भविष्य में किसी भी आपराधिक गतिविधि से दूर रहने की सख्त हिदायत दी गई। अभियान के तहत सक्रिय बदमाशों को थानों पर बुलाकर उनसे अद्यतन डोजियर भरवाए गए। कई आदतन अपराधियों को रेड और येलो नोटिस जारी कर चेतावनी दी गई कि पुनः अपराध करने पर कठोरतम कार्रवाई की जाएगी। इसके साथ ही कई बदमाशों को भविष्य में अपराध न करने की शपथ भी दिलाई गई। देर रात चले इस चेकिंग अभियान में पुलिस ने शहर के होटलों, लॉज, रैन बसेरों और ढाबों की भी औचक जांच की, जिससे कई पुराने और वांछित फरार आरोपी भी पुलिस के हत्थे चढ़े। गश्त के दौरान पुलिस अधिकारियों ने आमजन से जनसंवाद कर उन्हें साइबर क्राइम, महिला सुरक्षा, नशे के दुष्परिणाम और यातायात नियमों के प्रति जागरूक भी किया।
यह खबर सिटी ब्लास्ट ई-पेपर के 23 अगस्त 2026 के अंक में पृष्ठ 9 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें



