इंदौर। तुकोगंज थाना क्षेत्र में साइबर ठगी का एक नया मामला सामने आया है, जहाँ शातिर जालसाजों ने एक युवक को घर बैठे ऑनलाइन टास्क पूरा करने और ट्रेडिंग में मोटा मुनाफा कमाने का झांसा देकर हजारों रुपये की चपत लगा दी। पीड़ित युवक की शिकायत पर तुकोगंज थाना पुलिस ने संबंधित बैंक खाता धारक के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, फरियादी यश भावसार पिता शरद भावसार निवासी पंचम की फेल, मालवा मिल, ने थाने पहुंचकर साइबर ठगी की शिकायत दर्ज कराई है। पीड़ित ने बताया कि बीते 13 जुलाई को अज्ञात आरोपी ने उनसे संपर्क किया और ऑनलाइन टास्क पूरा करने तथा इन्वेस्टमेंट ट्रेडिंग के जरिए घर बैठे अच्छा मुनाफा कमाने का लालच दिया। शुरुआत में आरोपी ने फरियादी को अपने जाल में फंसाया और झांसे में लेकर अलग-अलग किस्तों में कुल 87,448 रुपये अपने बैंक अकाउंट खाता नंबर: 926010007874989 में ट्रांसफर करवा लिए। जब फरियादी ने अपना निवेश किया गया पैसा और मुनाफा वापस मांगा, तो आरोपी ने और पैसों की मांग करना शुरू कर दिया। ठगी का अहसास होने पर पीड़ित ने तुरंत पुलिस की शरण ली।
यह खबर सिटी ब्लास्ट ई-पेपर के 31 अगस्त 2026 के अंक में पृष्ठ 9 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें



