सिमरोल थाना क्षेत्र के चोरल के पास दो दिन पहले हुए सड़क हादसे में घायल एक युवक की अचानक तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई। हादसे के बाद डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार कर युवक को घर भेज दिया था, लेकिन घर पहुंचते ही उसकी हालत बिगड़ने लगी। परिजन उसे तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। सूचना मिलने पर पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
सूरज नगर नंदबाग निवासी 32 वर्षीय लोकेश पिता रतन लाल दो दिन पहले ओंकारेश्वर महादेव के दर्शन करने गया हुआ था। वहां से वापस लौटते समय सिमरोल के पास चोरल क्षेत्र में उसकी मोटरसाइकिल दुर्घटनाग्रस्त हो गई, जिसमें उसे गंभीर चोटें आई थीं। हादसे के तुरंत बाद उसे नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक इलाज के बाद डॉक्टरों ने उसकी स्थिति सामान्य बताते हुए डिस्चार्ज कर घर भेज दिया था। बीती रात घर पर अचानक उसकी हालत ज्यादा बिगड़ गई और उसे सांस लेने व असहनीय दर्द की शिकायत होने लगी। परिजन उसे तुरंत अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी और डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सिमरोल थाना पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सटीक कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल मर्ग कायम कर मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।
यह खबर सिटी ब्लास्ट ई-पेपर के 11 अगस्त 2026 के अंक में पृष्ठ 12 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें



