सोमवार, 12 अक्टूबर 2026
इंदौर की ताज़ा खबरें – City Blast Indore Hindi News
ब्रेकिंग
अपराध

कंपनी के ऑफिस से डेढ़ लाख चोरी

सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई कर्मचारी की करतूत

बाणगंगा थाना क्षेत्र के सांवेर रोड स्थित एक निजी कंपनी में मालिक के शहर से बाहर जाते ही वहां काम करने वाले एक कर्मचारी ने दराज में रखे रुपयों पर हाथ साफ कर दिया। मालिक के वापस लौटने और रुपयों का हिसाब मिलाने पर जब डेढ़ लाख रुपये कम मिले, तो हड़कंप मच गया। ऑफिस में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने पर कंपनी के ही कर्मचारी की चोरी की पूरी करतूत उजागर हो गई। बाणगंगा थाना पुलिस ने आरोपी कर्मचारी के खिलाफ चोरी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार,चोरी की यह वारदात सेक्टर-ए सांवेर रोड स्थित 'साई मशीन टूल्स प्राइवेट लिमिटेड' कंपनी में घटित हुई। फरियादी दीपेश जायसवाल पिता चंद्रकांत जायसवाल, निवासी पारसी मोहल्ला ने थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज करवाई। फरियादी ने बताया कि वह उक्त कंपनी में कार्यरत हैं। कुछ दिन पूर्व कंपनी के मालिक अशोक जायसवाल ने ऑफिस में 6 लाख 28 हजार रुपये सुरक्षित रखे थे और इसके बाद वे अपने किसी जरूरी व्यावसायिक काम से जबलपुर चले गए थे। कंपनी मालिक के जबलपुर से वापस लौटने पर जब ऑफिस में रखे रुपयों की गिनती की गई, तो उसमें से 1 लाख 50 हजार रुपये कम पाए गए। अलमारी और दराज से अचानक डेढ़ लाख रुपये गायब देखकर अधिकारियों के होश उड़ गए। मामले का खुलासा करने के लिए जब ऑफिस में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की गहनता से जांच की गई, तो चोरी की पूरी गुत्थी सुलझ गई। फुटेज में कंपनी में ही काम करने वाला कर्मचारी घनश्याम प्रजापत पिता तुलसीराम प्रजापति, मूल निवासी ग्राम कुम्हेड़ी, जिला ललितपुर, उत्तर प्रदेश, हाल मुकाम दशरथ बाग कॉलोनी, इंदौर ऑफिस में घुसकर चुपके से रुपये निकालता हुआ साफ नजर आया। चोरी पकड़े जाने के बाद फरियादी दीपेश जायसवाल तुरंत बाणगंगा थाने पहुंचे और आरोपी कर्मचारी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई। बाणगंगा थाना पुलिस ने फरियादी की शिकायत और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी घनश्याम प्रजापत के खिलाफ चोरी की धाराओं में अपराध कायम कर लिया है। पुलिस आरोपी की तलाश में उसके संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।

यह खबर सिटी ब्लास्ट ई-पेपर के 13 सितम्बर 2026 के अंक में पृष्ठ 9 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें