इन्दौर। सांवेर थाना क्षेत्र में रेस्ट हाउस तिराहे पर ड्याूटी पर तैनात एक पुलिसकर्मी के साथ सरेराह अभद्रता, मारपीट और शासकीय कार्य में बाधा डालने का मामला सामने आया है। बेखौफ आरोपियों ने न केवल पुलिस जवान के साथ गाली-गलौच और झूमाझटकी की, बल्कि उसे जबरन अपनी गाड़ी में खींचकर ले जाने का दुस्साहस भी किया। घटना के बाद हरकत में आई सांवेर थाना पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए केस दर्ज कर चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार, यह पूरी घटना रेस्ट हाउस तिराहा, सांवेर की है। थाना में पदस्थ पुलिसकर्मी फरियादी अशोक पिता विक्रम सिंह चंद्रवंशी रेस्ट हाउस तिराहे पर शासकीय ड्याूटी पर तैनात थे। इसी दौरान वहां पहुंचे आरोपियों ने पुलिसकर्मी अशोक से अकारण विवाद करना शुरू कर दिया और ड्याूटी में व्यवधान डाला। बात बढ़ने पर आरोपियों ने सरेराह पुलिस जवान के साथ गालियां देना शुरू कर दिया। जब आरक्षक अशोक ने गाली-गलौज का कड़ा विरोध किया, तो आरोपियों ने उनके साथ हाथापाई और झूमाझटकी शुरू कर दी। हद तो तब हो गई जब आरोपियों ने पुलिसकर्मी को जबरदस्ती खींचकर अपनी निजी गाड़ी में बैठाने और अपहरण कर ले जाने का प्रयास किया। इस दौरान आरोपियों ने जवान को जान से मारने की धमकियां भी दीं। पीड़ित जवान ने जैसे-तैसे खुद को बचाया और तुरंत घटना की जानकारी सांवेर थाने पर दी। फरियादी अशोक चंद्रवंशी की लिखित शिकायत पर सांवेर थाना पुलिस ने आरोपी संदीप चंगेड़िया, उसके दो बेटों त्रषभ चंगेड़िया व आयुष चंगेड़िया तीनों निवासी सांवेर तथा साथी सुभाष पटेल निवासी ग्राम कायस्थखेड़ी के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए चारों नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
यह खबर सिटी ब्लास्ट ई-पेपर के 8 सितम्बर 2026 के अंक में पृष्ठ 10 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें



