सोमवार, 12 अक्टूबर 2026
इंदौर की ताज़ा खबरें – City Blast Indore Hindi News
ब्रेकिंग
अपराध

जिलाबदर का उल्लंघन करने वाला कुख्यात भू-माफिया फारूक लंबू गिरफ्तार

धार रोड से पकड़ाया बदमाश, पहचान छिपाकर अवैध प्लॉटों के सौदे निपटाने आया था शहर, दर्ज हैं 8 से अधिक संगीन अपराध

जिलाबदर का उल्लंघन करने वाला कुख्यात भू-माफिया फारूक लंबू गिरफ्तार

शहर के चंदन नगर थाना क्षेत्र में पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए जिलाबदर आदेश का सरेआम उल्लंघन करने वाले एक कुख्यात भू-माफिया को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पकड़ा गया आरोपी अपनी पहचान छिपाकर अवैध प्लॉटों के रुपयों का लेन-देन करने के लिए इंदौर पहुंचा था। पुलिस ने मुखबिर की सटीक सूचना पर घेराबंदी कर आरोपी को दबोच लिया। आरोपी के खिलाफ मप्र राज्य सुरक्षा अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। चंदन नगर पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस को मुखबिर के जरिए सूचना प्राप्त हुई थी कि थाना क्षेत्र का सूचीबद्ध कुख्यात बदमाश और भू-माफिया फारूक उर्फ लंबू जिलाबदर की अवधि के दौरान चोरी- छिपे शहर में घुसा हुआ है। वह धार रोड स्थित चंदूवाला क्षेत्र में गौसिया मस्जिद के सामने अपनी पहचान छुपाकर अवैध प्लॉट के रुपयों के लेन-देन के सिलसिले में खड़ा है। सूचना मिलते ही पुलिस

टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और संदिग्ध को हिरासत में ले लिया। पुलिस पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम मोहम्मद फारूक उर्फ लंबू पिता नूर मोहम्मद, निवासी चंदूवाला रोड, चंदन नगर बताया। जांच करने पर सामने आया कि पुलिस आयुक्त न्यायालय के आदेश के तहत आरोपी को तीन माह की अवधि के लिए इंदौर सहित आसपास के सीमावर्ती जिलों उज्जैन, देवास, धार और खरगोन की राजस्व सीमाओं से निष्कासित किया गया था। आदेश का उल्लंघन कर शहर में अवैध गतिविधियों को अंजाम देने पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 14 मप्र राज्य सुरक्षा अधिनियम 1990 के तहत केस दर्ज किया है। पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक पकड़ा गया बदमाश फारूक उर्फ लंबू एक कुख्यात भू-माफिया है, जिसके खिलाफ धोखाधड़ी, फर्जीवाड़े, जमीन कब्जाने, मारपीट और अड़ीबाजी सहित 8 से अधिक आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं।

यह खबर सिटी ब्लास्ट ई-पेपर के 18 सितम्बर 2026 के अंक में पृष्ठ 12 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें