इंदौर। चंदन नगर थाना क्षेत्र में एक सिरफिरे और नशेड़ी युवक द्वारा पड़ोस की कॉलोनी में रहने वाली एक नाबालिग लड़की को धमकाने और बाद में उसके घर में घुसकर उत्पात मचा दिया। आरोपी ने न सिर्फ नाबालिग के साथ अभद्रता की, बल्कि विरोध करने पर पीड़िता के घर की गैलरी तक में घुस आया और पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी दी। चंदन नगर थाना पुलिस ने पीड़िता की मां की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, रामानंद नगर निवासी फरियादी महिला ने आरोपी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। पीड़िता ने पुलिस को बताया कि उनके पड़ोसी मोहल्ले नंदन नगर का रहने वाला नशेड़ी समीर काणा उनकी नाबालिग बेटी को देखकर गंदे-गंदे इशारे करता है और उसे लगातार धमका रहा था। आरोपी ने मर्यादा की सारी हदें पार करते हुए नाबालिग से कहा कि वह उसके मुंह पर थूक देगा और कीचड़ फेंक देगा। इस बदतमीजी पर जब नाबालिग बेटी ने आरोपी को चप्पल से मारने की बात कही और वहां से भाग जाने का कहा तो आरोपी और ज्यादा आक्रोशित हो गया। इसके कुछ ही देर बाद आरोपी समीर काणा फरियादी के घर के बाहर आ धमका और बीच सड़क पर चिल्ला-चोट करते हुए उत्पात मचाने लगा। आरोपी चिल्लाते हुए कहने लगा कि अपनी बेटी को समझा लेना, वह जबरदस्ती मेरे माथे आ रही है। इतने पर भी जब उसका मन नहीं भरा, तो आरोपी मकान की सीढ़ियों से चढ़कर सीधे उनके घर की गैलरी के अंदर तक घुस आया। आरोपी पूरे परिवार को गालियां देने लगा। जब फरियादी और उसके परिजनों ने गाली देने का कड़ा विरोध किया और उसे घर से बाहर जाने को कहा, तो आरोपी समीर काणा उन्हें धमकाते हुए भाग निकला कि अगर आईंदा मुझसे किसी ने विवाद किया, तो तुम सबको जान से खत्म कर दूंगा।
यह खबर सिटी ब्लास्ट ई-पेपर के 17 जुलाई 2026 के अंक में पृष्ठ 9 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें



