मंगलवार, 13 अक्टूबर 2026
इंदौर की ताज़ा खबरें – City Blast Indore Hindi News
ब्रेकिंग
अपराध

हत्या-चाकूबाजी में घायल की मौत घटना के बाद चल रहा था वेटर का इलाज

इंदौर। शहर में खाकी के खौफ से बेपरवाह घूम रहे आदतन अपराधियों के हौसले किस कदर बुलंद हैं, इसकी खौफनाक बानगी हीरानगर क्षेत्र में देखने को मिली। लसूड़िया पुलिस की…

इंदौर। शहर में खाकी के खौफ से बेपरवाह घूम रहे आदतन अपराधियों के हौसले किस कदर बुलंद हैं, इसकी खौफनाक बानगी हीरानगर क्षेत्र में देखने को मिली। लसूड़िया पुलिस की पकड़ से फरार चल रहे कुख्यात नशेडियों ने खाटू श्याम भजन संध्या से लौट रहे एक बेकसूर वेटर को घेरकर चाकू से गोद दिया। दो दिनों तक अस्पताल में जिंदगी और मौत के बीच झूलने के बाद मंगलवार देर रात पीड़ित ने दम तोड़ दिया। मौत की खबर आते ही हरकत में आई पुलिस ने मामले में हत्या की धाराएं बढ़ाकर फरार आरोपियों की धरपकड़ तेज कर दी है।

मूल रूप से ललितपुर निवासी तेजपाल पिता प्यारेलाल पाल महज दो महीने पहले अपनी पत्नी और 5 महीने के दुधमुंहे बेटे के साथ इंदौर आया था। वह लाहिया कॉलोनी में रहकर एक रेस्टोरेंट में वेटर का काम करता था। रविवार रात करीब 1 बजे जब वह भजन संध्या से घर लौट रहा था, तभी चार बदमाशों ने उसे रोक लिया। आरोपियों ने अंधाधुंध चाकूबाजी कर उसे लहूलुहान कर दिया। गंभीर हालत में भी तेजपाल ने हिम्मत दिखाकर पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद डायल-112 उसे अस्पताल ले गई थी। जांच में लाहिया कॉलोनी निवासी कल्ला, बब्बा और उनके साथियों का नाम सामने आया है। कल्ला शातिर अपराधी है, जिस पर छोड़छाड़ और चाकूबाजी के कई मामले दर्ज हैं। कल्ला ने हाल ही में लसूड़िया क्षेत्र की स्कीम-136 में भी चाकूबाजी की थी। लसूड़िया पुलिस जब तक उसकी घेराबंदी करती, वह फरार हो गया और इसी फरारी के दौरान उसने हीरानगर में वेटर तेजपाल को मौत के घाट उतार दिया। वारदात के बाद सभी आरोपी अपने मोबाइल स्विच-ऑफ कर फरार हो गए हैं। हीरानगर पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी फुटेज कब्जे में लेकर आरोपियों के संभावित ठिकानों पर दबिश देना शुरू कर दिया है।

यह खबर सिटी ब्लास्ट ई-पेपर के 12 अगस्त 2026 के अंक में पृष्ठ 12 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें