सोमवार, 12 अक्टूबर 2026
इंदौर की ताज़ा खबरें – City Blast Indore Hindi News
ब्रेकिंग
अपराध

मुंबई से सराफा आए कोरियर पार्सल से 273 ग्राम सोना चोरी

पार्सल का वजन करने पर खुली पोल, अज्ञात आरोपी के खिलाफ केस दर्ज

इंदौर। सराफा बाजार में कोरियर के माध्यम से बुलवाए गए सोने के पार्सल से कीमती जेवरात चोरी होने की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। मुंबई के व्यापारी द्वारा भेजे गए पार्सल में से लगभग 273 ग्राम वजन की 11 सोने की चेनें कम पाई गईं। पीड़ित व्यापारी की शिकायत पर सराफा थाना पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ चोरी का प्रकरण दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, फरियादी दिनेश पिता बाबूलाल सोनी, निवासी श्री राधा ऑर्नामेंट गैलरी प्रा. लि. गुना ने थाने पहुंचकर चोरी की शिकायत दर्ज कराई। फरियादी ने मुंबई स्थित स्वर्णशिल्प ज्वेलर्स से कुल 791.570 ग्राम वजनी सोने की चेनों का आर्डर दिया था, जिसे बीवीसी लॉजिस्टिक कोरियर कंपनी के माध्यम से भेजा गया था। बीती 13 अगस्त की दोपहर करीब 1 बजे यह पार्सल सराफा स्थित एम.के. हाइट्स, शक्कर बाजार के पते पर डिलीवर हुआ। जब फरियादी ने कोरियर से प्राप्त पार्सल को खोलकर उसका वजन कराया, तो उसमें 273 ग्राम सोना कम पाया गया। मिलान करने पर पता चला कि पार्सल से 11 नग सोने की चेनें गायब थीं। कोरियर के दौरान रास्ते में पैकेट से छेड़छाड़ कर सोना चोरी होने की आशंका जताई जा रही है। सराफा थाना पुलिस ने पीड़ित दिनेश सोनी की रिपोर्ट पर अज्ञात चोर के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया है। पुलिस अब कोरियर कंपनी के कर्मचारियों से पूछताछ के साथ-साथ पार्सल के मूवमेंट रूट और सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है।

यह खबर सिटी ब्लास्ट ई-पेपर के 6 सितम्बर 2026 के अंक में पृष्ठ 4 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें