परदेशीपुरा थाना क्षेत्र के नेहरू नगर में पारिवारिक कहासुनी से तंग आकर एक राजमिस्त्री द्वारा फांसी लगाकर खुदकुशी करने का मामला सामने आया है। घटना के वक्त घर पर कोई अन्य सदस्य मौजूद नहीं था, इसी दौराम अधेड़ ने कमरे में जाकर फंदा लगा लिया। परिजनों को जब तक घटना का पता चला, तब तक काफी देर हो चुकी थी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। पुलिस के अनुसार, नेहरू नगर निवासी राजू पिता मुन्नालाल ठाकुर (45) पेशे से राजमिस्त्री का काम करता था। सोमवार को घर में हुई पारिवारिक कहासुनी के बाद वह मानसिक रूप से परेशान चल रहा था। घटना वाले दिन वह परिजनों से गाय को देखने जाने की बात कहकर अपने कमरे में गया था। जब काफी समय बीत जाने के बाद भी वह कमरे से बाहर नहीं निकला, तो परिजनों ने खिड़की से झांककर देखा। अंदर राजू का शव फंदे पर लटका हुआ था। राजू के परिवार में उसके दो बेटे हैं। परदेशीपुरा थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आत्महत्या के कारणों की पड़ताल कर रही है।
यह खबर सिटी ब्लास्ट ई-पेपर के 29 सितम्बर 2026 के अंक में पृष्ठ 12 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें



