इंदौर। विजय नगर थाना क्षेत्र में बीती रात दो युवकों पर जानलेवा हमला करने वाले तीन बदमाशों को पुलिस ने महज कुछ घंटों के भीतर ही धर दबोचा। आरोपियों ने वारदात को अंजाम देने के बाद भागने का प्रयास किया, इस दौरान बाइक से गिरने से उन्हें चोटें भी आईं, जिन्हें पुलिस ने हिरासत में लेकर चिकित्सकीय उपचार कराया है।
पुलिस के अनुसार, बीती रात फरियादी शुभम बिधोने और उनके साथी मयूर भोगे पर कुछ बदमाशों ने अचानक जानलेवा हमला कर दिया। इस खूनी संघर्ष में शुभम के हाथ और मयूर के सिर में गंभीर चोटें आईं। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने तुरंत केस दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी निरीक्षक चंद्रकांत पटेल के नेतृत्व में एक विशेष पुलिस टीम गठित की गई। पुलिस टीम ने तकनीकी साक्ष्यों, सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर तंत्र का जाल बिछाकर चंद घंटों में ही तीनों आरोपियों को दबोच लिया। पकड़े गए आरोपियों के नाम चंद्रकांत उर्फ नान्टू ठाकरे निवासी रुस्तम का बगीचा, देवेंद्र उर्फ भूरा निवासी गोटू महाराज की चाल और लक्की उर्फ हेमंत सिंगले निवासी गोमा की फेल बताए जा रहे है। पुलिस कार्रवाई के दौरान जब आरोपी भागने की फिराक में थे, तो मोटरसाइकिल से अनियंत्रित होकर गिरने के कारण उन्हें हल्की चोटें भी आईं, जिनका पुलिस ने नियमानुसार अस्पताल में मेडिकल उपचार कराया है। विजय नगर पुलिस अब इन आरोपियों के पुराने आपराधिक इतिहास, संभावित अवैध गतिविधियों और अपराध से अर्जित संपत्ति की भी विधिसम्मत जांच कर रही है।
यह खबर सिटी ब्लास्ट ई-पेपर के 11 अक्टूबर 2026 के अंक में पृष्ठ 10 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें



