मंगलवार, 13 अक्टूबर 2026
इंदौर की ताज़ा खबरें – City Blast Indore Hindi News
ब्रेकिंग
अपराध

एमडी ड्रग्स तस्करी का फरार आरोपी दबोचा

प्रॉपर्टी ब्रोकिंग की आड़ में कर रहा था नशे का कारोबार, हत्या व अड़ीब़ाजी के दर्जनभर केस हैं दर्ज

इन्दौर। शहर में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत इंदौर क्राइम ब्रांच को बड़ी सफलता मिली है। करीब 10 ग्राम एमडी ड्रग्स तस्करी के मामले में लंबे समय से फरार चल रहे शातिर आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पकड़ा गया आरोपी प्रॉपर्टी ब्रोकिंग का काम करता है और उस पर हत्या, अड़ीब़ाजी तथा आर्म्स एक्ट जैसे 12 गंभीर आपराधिक मामले पहले से दर्ज हैं। पुलिस अब आरोपी से नशे के सौदागरों, सप्लायरों और पूरे नेटवर्क को लेकर कड़ाई से पूछताछ कर रही है। क्राइम ब्रांच से मिली जानकारी के अनुसार, वर्ष 2025 के अपराध क्रमांक 174/25 में पूर्व में आरोपी चिराग निवासी द्वारकापुरी को 10.10 ग्राम अवैध एमडी ड्रग्स और एक्टिवा के साथ गिरफ्तार किया गया था। इस मामले में एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए जब पुलिस ने गहराई से पड़ताल की, तो समाजवादी इंद्रा नगर निवासी राकेश तंवर की संलिप्तता सामने आई। वारदात के बाद से ही आरोपी राकेश लगातार पुलिस को चकमा देकर फरार चल रहा था। तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर क्राइम ब्रांच की टीम ने घेराबंदी कर आरोपी राकेश तंवर को धर दबोचा। जांच में सामने आया कि 12वीं तक पढ़ा आरोपी प्रॉपर्टी ब्रोकिंग का काम करता है, लेकिन उसकी आड़ में अवैध नशे का काला कारोबार चला रहा था। आरोपी का पुराना लंबा-चौड़ा आपराधिक रिकॉर्ड है। उस पर एरोड्रम, चंदन नगर, तुकोगंज, मल्हारगंज और बाणगंगा जैसे थानों में हत्या, रंगदारी, अवैध हथियार और एनडीपीएस एक्ट के गंभीर मामले दर्ज हैं। क्राइम ब्रांच की टीम आरोपी से एमडी ड्रग्स के मुख्य स्रोत और ग्राहकों के बारे में सघन पूछताछ कर रही है, जिससे इस नेटवर्क से जुड़े अन्य तस्करों पर भी शिकंजा कसा जा सके। गौरतलब है कि इस वर्ष 1 जनवरी 2026 से अब तक क्राइम ब्रांच ने एनडीपीएस एक्ट के तहत 54 मामलों में 117 आरोपियों को सलाखों के पीछे पहुँचाया है, जिनके कब्जे से करीब 2.96 करोड़ रुपये मूल्य के मादक पदार्थ और वाहन जब्त किए जा चुके हैं।

यह खबर सिटी ब्लास्ट ई-पेपर के 8 अगस्त 2026 के अंक में पृष्ठ 9 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें