मंगलवार, 13 अक्टूबर 2026
इंदौर की ताज़ा खबरें – City Blast Indore Hindi News
ब्रेकिंग
अपराध

एमडी ड्रग्स कांड में फरार आरोपी गिरफ्तार

मजदूरी की आड़ में करता था नशा सप्लाई

इंदौर। शहर में अवैध मादक पदार्थों की खरीद-फरोख्त और तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत इंदौर क्राइम ब्रांच को एक बड़ी सफलता मिली है। पुलिस टीम ने एनडीपीएस एक्ट के तहत दर्ज एक पुराने मामले में लंबे समय से फरार चल रहे शातिर आरोपी फिरोज उर्फ महाराज को गिरफ्तार कर लिया है। पकड़ा गया आरोपी दिन में हम्माली का काम करता था और उसकी आड़ में शहर में एमडी ड्रग्स की सप्लाई का नेटवर्क चला रहा था। क्राइम ब्रांच पुलिस आरोपी को हिरासत में लेकर नशे के इस अवैध नेटवर्क से जुड़े अन्य सप्लायरों और स्रोतों के बारे में सघन पूछताछ कर रही है।

क्राइम ब्रांच इंदौर ने पूर्व में कार्रवाई करते हुए कोहिनूर कॉलोनी, आजाद नगर निवासी आरोपी शाहरुख पिता अब्दुल रऊफ को गिरफ्तार किया था। उस दौरान पुलिस ने शाहरुख के कब्जे से 13.94 ग्राम अवैध मादक पदार्थ एमडी ड्रग्स और तस्करी में इस्तेमाल की जा रही एक होंडा शाइन मोटरसाइकिल जब्त की थी। मामले की विस्तृत विवेचना और गिरफ्तार आरोपी शाहरुख से की गई कड़ाई से पूछताछ में फिरोज उर्फ महाराज पिता अब्दुल अजीज निवासी मकान नं. 2, इकबाल कॉलोनी, सुभाष मार्ग की सीधी संलिप्तता उजागर हुई थी। घटना के बाद से ही आरोपी फिरोज लगातार फरार चल रहा था। फरार आरोपी की धरपकड़ के लिए क्राइम ब्रांच की विशेष टीम लगातार प्रयासरत थी। पुलिस टीम ने मुखबिर तंत्र और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर घेराबंदी करते हुए आखिरकार फरार आरोपी फिरोज उर्फ महाराज को गिरफ्तार कर लिया। शुरुआती पूछताछ में सामने आया कि आरोपी फिरोज मजदूरी करने के साथ-साथ गुपचुप तरीके से एमडी ड्रग्स की सप्लाई का काम भी करता था। आरोपी से पूछताछ में नशे के इस काले कारोबार से जुड़ी कई महत्वपूर्ण जानकारियां मिली हैं। इंदौर क्राइम ब्रांच अब आरोपी से मादक पदार्थ के मुख्य स्रोत, उससे जुड़े अन्य तस्करों और नेटवर्क में शामिल अन्य संदिग्धों के संबंध में विस्तृत पूछताछ कर आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रही है।

यह खबर सिटी ब्लास्ट ई-पेपर के 20 जुलाई 2026 के अंक में पृष्ठ 9 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें