एरोड्रम थाना क्षेत्र में लोन दिलाने और उसे समय से पहले ‘फोर्स क्लोज' कराने का झांसा देकर 36 लाख रुपये से अधिक की बड़ी धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। पुलिस ने इस प्रकरण में दंपति को अभिरक्षा में लिया है और विस्तृत पूछताछ के लिए उनकी पुलिस रिमांड ली जा रही है। पुलिस के अनुसार, इस धोखाधड़ी के संबंध में 14 सितंबर को थाने पर कुछ आवेदकों द्वारा शिकायत दर्ज कराई गई थी। मामले की शुरुआती जांच में यह तथ्य सामने आया है कि आरोपियों ने स्थानीय स्तर पर 'एपी ग्रुप' के नाम से एक संगठित समूह बना रखा था। आरोपी लोगों को बैंक अथवा वित्तीय संस्थानों से लोन स्वीकृत करवाने का भरोसा दिलाकर अपने विश्वास में लेते थे और फिर लोन को 'फोर्स क्लोज' कराने के नाम पर उनसे अलग-अलग किस्तों में बड़ी रकम जमा करवाकर ठगी करते थे। पुलिस ने इस मामले में आरोपी आयुष पोरवाल और उसकी पत्नी प्रिया पोरवाल को अभिरक्षा में लिया है। अब तक इस गिरोह के जाल में फंसे 20 से अधिक फरियादी थाने पहुंच चुके हैं और पीड़ितों की संख्या और बढ़ने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, दंपति के साथ राजू सहित एक-दो अन्य लोगों की संलिप्तता की जानकारी भी सामने आई है। आरोपियों के हिरासत में आने की खबर फैलते ही पहले से पीड़ित कई अन्य फरियादी भी थाने पहुंचे हैं। पुलिस अब रिमांड के दौरान दंपति से ठगी गई रकम के ठिकाने और सहयोगियों के बारे में पूछताछ कर रही है, जिसके आधार पर अन्य आरोपियों के खिलाफ भी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
यह खबर सिटी ब्लास्ट अख़बार के 19 November 2026 के अंक में पृष्ठ 12 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें

