इंदौर। परदेशीपुरा थाना क्षेत्र के नंदा नगर इलाके में लिफ्ट न देने जैसी मामूली बात को लेकर रंजिश पालकर हमला करने का मामला सामने आया है। आरोपी ने पुरानी बात पर विवाद करते हुए युवक के साथ मारपीट की और तैश में आकर नुकीली वस्तु से हमला कर उसे लहूलुहान कर दिया। चीख-पुकार सुनकर पड़ोसी के मौके पर पहुंचते ही आरोपी जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गया। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, फरियादी पवन पिता सुरेश नायक निवासी नंदा नगर ने थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई है। फरियादी ने बताया कि इलाके में ही रहने वाला आरोपी अजय उर्फ अज्जू पिता ओमप्रकाश सोलंकी अचानक उसके पास आया। आरोपी पूर्व में लिफ्ट नहीं देने की बात को लेकर पुरानी रंजिश भुनाते हुए बेवजह गालियां देने लगा। जब पवन ने गाली-गलौज करने से मना किया, तो आरोपी आक्रोशित हो गया। आरोपी अज्जू ने गालियां देते हुए पवन के साथ हाथ-मुक्कों से मारपीट शुरू कर दी और जान से मारने की धमकी दी। मारपीट के दौरान ही आरोपी ने अपने पास रखी किसी धारदार व नुकीली वस्तु से पवन के बाएं पैर की जांघ पर दो बार जोरदार वार कर दिए। नुकीली वस्तु लगते ही गहरे घाव हो गए और जांघ से तेजी से खून बहने लगा। अचानक हुए हमले और दर्द से जब पीड़ित पवन जोर- जोर से चिल्लाया, तो उसकी आवाज सुनकर पास में ही रहने वाले पड़ोसी महादेव गायकवाड़ तुरंत मदद के लिए बाहर दौड़े। पड़ोसी को आता देख आरोपी अजय उर्फ अज्जू मौके से भाग निकला।
यह खबर सिटी ब्लास्ट ई-पेपर के 7 सितम्बर 2026 के अंक में पृष्ठ 12 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें



