इंदौर। देहात क्षेत्र के गौतमपुरा और शिप्रा थाना इलाकों में शातिर साइबर ठगों ने तीन अलग-अलग लोगों को अपना शिकार बनाकर लाखों रुपये समेट लिए। किसी से क्रेडिट कार्ड रिन्यू कराने के नाम पर तो किसी का मोबाइल हैक कर और टेलीग्राम पर फर्जी निवेश का झांसा देकर कुल 2 लाख 9 हजार रुपये से अधिक की ऑनलाइन चपत लगाई गई है।
गौतमपुरा थानाक्षेत्र में ग्राम रुणजी चौपाटी निवासी राहुल पंड्याा को अज्ञात जालसाज ने कॉल कर खुद को क्रेडिट कार्ड प्रतिनिधि बताया। आरोपी ने कार्ड रिन्यू करने का झांसा देकर झांसे में लिया और फरियादी के खाते से 72,510 रुपये अपने फर्जी बैंक खाते में ट्रांसफर करवा लिए। इसी तरह शिप्रा थाना क्षेत्र के मांगलिया लवकुश कॉलोनी निवासी अतुल बाजपेयी का मोबाइल अचानक हैंग हो गया। फोन रिस्टार्ट होने के बाद जब बैंक का मैसेज आया, तो उनके होश उड़ गए। अज्ञात ठग ने मोबाइल में सेंध लगाकर खाते से 73,497 रुपये उड़ा दिए थे। शिप्रा थाना क्षेत्र में ही ग्राम टोड़ी निवासी कप्तान सिंह को जालसाजों ने टेलीग्राम ऐप पर बिजनेस में मोटा मुनाफा कमाने का लालच दिया। झांसे में आकर पीड़ित ने अलग-अलग किस्तों में 63,740 रुपये ट्रांसफर कर दिए। न रकम वापस मिली और न ही कोई मुनाफा, जिसके बाद ठगी का अहसास हुआ। तीनों ही मामलों में संबंधित थाना पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी व आईटी एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर साइबर सेल की मदद से जांच शुरू कर दी है।
यह खबर सिटी ब्लास्ट ई-पेपर के 30 अगस्त 2026 के अंक में पृष्ठ 9 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें



