तुकोगंज थाना क्षेत्र स्थित एक ऑफिस में बैठे युवक के क्रेडिट कार्ड से अज्ञात जालसाज द्वारा डेढ़ लाख रुपये का फर्जी ट्रांजेक्शन कर लिया। फरियादी के मोबाइल पर अचानक 1 लाख 50 हजार रुपये कटने का मैसेज आया, जिसके बाद धोखाधड़ी का पता चला। फरियादी की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, ग्रीन वैली अपार्टमेंट बिचौली मर्दाना निवासी फरियादी यश पिता निर्मल भारती ने शिकायत दर्ज कराई है। फरियादी ने पुलिस को बताया कि वह रेडक्रॉस रोड स्थित ब्रिलियंट सेंटर की तीसरी मंजिल पर स्थित अपने ऑफिस में मौजूद थे। इसी दौरान किसी अज्ञात व्यक्ति ने उनके क्रेडिट कार्ड का गलत इस्तेमाल करते हुए 1 लाख 59 हजार रुपये का अनाधिकृत ट्रांजेक्शन कर लिया। पीड़ित के पास जब बैंक से राशि कटने का मैसेज आया, तो उसमें यह ट्रांजेक्शन बालाजी एंटरप्राइजेज नाम से होना दर्शाया गया। अपने साथ हुई साइबर धोखाधड़ी का अहसास होते ही पीड़ित तुरंत थाने पहुंचे और पुलिस को आपबीती बताई। तुकोगंज थाना पुलिस ने फरियादी यश की रिपोर्ट पर अज्ञात आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अब बैंक ट्रांजेक्शन आईडी और साइबर सेल की मदद से संबंधित खाते का ब्योरा जुटाकर आरोपी की तलाश में जुट गई है।
यह खबर सिटी ब्लास्ट ई-पेपर के 18 अगस्त 2026 के अंक में पृष्ठ 9 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें



