इंदौर। हीरानगर थाना क्षेत्र के श्याम नगर में चोरी की एक अनोखी वारदात सामने आई है। मकान मालिक द्वारा किचन की खिड़की न लगवाए जाने का फायदा उठाते हुए अज्ञात बदमाश खिड़की की जाली से हाथ डालकर अंदर का दरवाजा खोल कमरे में घुस गया। चोर ने अलमारी के दराज से चाबी निकालकर लॉकर का ताला तोड़ा और उसमें रखी पूरी नकदी समेटकर फरार हो गया। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात चोर के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, श्याम नगर निवासी फरियादी अभिषेक पिता राजेश हजारी ने हीरानगर थाने में चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई है। पीड़ित ने बताया कि वह श्याम नगर में किराए के मकान में रहता है। किचन में खिड़की नहीं लगी होने के कारण उसके बगल में स्थित दरवाजे की चटकनी बाहर से ही पहुंच में थी। अज्ञात बदमाश ने देर रात किचन की खिड़की से हाथ डालकर दरवाजे की चिटकनी खोल ली और सीधे कमरे के अंदर प्रवेश कर गया। कमरे में घुसकर बदमाश ने वहां रखी अलमारी को खोला और दराज में रखी चाबी से लॉकर का लॉक तोड़ दिया। इसके बाद आरोपी लॉकर में रखी पूरी नकदी राशि निकालकर रफूचक्कर हो गया।
यह खबर सिटी ब्लास्ट ई-पेपर के 16 अगस्त 2026 के अंक में पृष्ठ 8 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें



