खुड़ैल थाना क्षेत्र में एक युवती को लगातार प्रताड़ित करने, उसके संबंध में रिश्तेदारों को अश्लील बातें बताने और एआई तकनीक का इस्तेमाल कर मॉर्फ्ड अश्लील फोटो बनाकर बदनाम करने की धमकी देने का मामला सामने आया है। पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर आरोपी युवक के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया है।
खुड़ैल पुलिस के अनुसार, यह प्रकरण 21 वर्षीय छात्रा की शिकायत पर दर्ज किया गया है। पीड़िता ने पुलिस को बताया कि वे पहले परिवार के साथ जूनी इंदौर के सिंधी कॉलोनी इलाके में रहती थीं। वहां घर के पास स्थित भारत गारमेंट्स नाम की कपड़े की दुकान पर वह कभी-कभार कपड़े खरीदने जाती थीं, जहां नवीन शर्मा उर्फ शिवा नाम का युवक काम करता था।
करीब 2 साल पहले उनके भाई ने खुड़ैल क्षेत्र में नया मकान बना लिया, जिसके बाद पूरा परिवार यहीं शिफ्ट हो गया।
शिकायत के मुताबिक, करीब डेढ़ महीने पहले आरोपी नवीन उर्फ शिवा ने पीड़िता के जीजा को व्हाट्सएप पर मैसेज कर युवती का मोबाइल नंबर मांगा। कारण पूछने पर उसने कहा कि उसे शादी करनी है।
इसके बाद आरोपी ने हदें पार करते हुए पीड़िता की भाभी, बड़ी बहन और अन्य रिश्तेदारों (जीजा, भाभी की बहन आदि) को इंस्टाग्राम और व्हाट्सएप पर लगातार परेशान करना शुरू कर दिया।
शुरुआत में वह कहता था कि उसे कुछ पैसे लेने हैं, लेकिन बाद में वह रिश्तेदारों से कहने लगा कि वह युवती को पसंद करता है और जो भी उसे उसका नंबर देगा, वह उसे 40-50 हजार रुपये इनाम देगा। आरोपी रिश्तेदारों को फोन कर यह झूठी और अश्लील बातें फैलाने लगा कि युवती उसकी गर्लफ्रेंड है, जो फिलहाल उससे नाराज चल रही है।
जब इन हरकतों की जानकारी पीड़िता को मिली, तो वे गहरे मानसिक तनाव और अपमान का शिकार हो गईं।
भाई ने समझाया फिर भी नहीं समझा
परेशान होकर जब पीड़िता के भाई विक्की ने आरोपी नवीन को फोन कर लताड़ लगाई और पूछा कि वह ऐसी उल्टी- सीधी बातें क्यों फैला रहा है, तो आरोपी ने गुस्से में आकर खौफनाक धमकी दी। उसने कहा, ’अगर बहन का नंबर नहीं दोगे और बात नहीं कराओगे, तो मैं एआई से उसकी अश्लील फोटो बनाकर उसे इंटरनेट पर वायरल कर बदनाम कर दूंगा। वह सिर्फ मेरी है, मैं उसकी शादी कहीं और नहीं होने दूंगा और अगर तुम लोगों ने उसकी शादी कहीं और की, तो मैं उसे जान से खत्म कर दूंगा।’
खुड़ैल थाना पुलिस ने पीड़िता की रिपोर्ट पर आरोपी नवीन शर्मा निवासी खातीवाला टैंक के विरुद्ध प्रकरण दर्ज कर लिया है। पुलिस आरोपी की तलाश कर रही है।
यह खबर सिटी ब्लास्ट अख़बार के 15 November 2026 के अंक में पृष्ठ 12 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें

