तेजाजी नगर थाना क्षेत्र के ग्राम केलोद करताल में एक 24 वर्षीय युवक द्वारा खेत में फांसी लगाकर खुदकुशी करने का मामला सामने आया है। मृतक अपने माता-पिता के साथ खेत में चौकीदारी का काम करता था। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को फंदे से उतारकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया और मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान रोशन पिता मुकेश अजनारे (24)मूल निवासी ठीकरी, जिला बड़वानी के रूप में हुई है। रोशन अपने परिवार के साथ वर्तमान में केलोद करताल में एक खेत पर रहकर चौकीदारी का काम करता था। अज्ञात कारणों के चलते खेत में ही फांसी का फंदा बनाकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली। परिजनों ने जब उसे फंदे पर लटका देखा तो घटना का खुलासा हुआ। घटना की सूचना तुरंत स्थानीय पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची तेजाजी नगर पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस को प्राथमिक पड़ताल में कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है, जिससे युवक द्वारा उठाए गए इस आत्मघाती कदम के कारणों का पता नहीं चल सका है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भिजवा दिया है और परिजनों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि जांच और परिजनों की पूछताछ के बाद ही आत्महत्या की असली वजह सामने आ सकेगी।
यह खबर सिटी ब्लास्ट ई-पेपर के 4 सितम्बर 2026 के अंक में पृष्ठ 11 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें



