गांधीनगर थाना क्षेत्र में पति द्वारा पत्नी के साथ विवाद कर मारपीट करने और चाबी से हमला कर घायल करने का मामला सामने आया है। बाहर से खाना लाने के लिए पैसे मांगने की बात पर आरोपी ने गाली-गलौज करते हुए पत्नी का मोबाइल तोड़ दिया और बीच-बचाव करने आए ससुर के सामने ही चाबी से हमला कर दिया। पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर आरोपी पति के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, फरियादिया श्रेया पति विनय उर्फ अंशुल लवलेकर निवासी सतपुड़ा परिसर, गांधी नगर ने थाने पहुंचकर अपने पति के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। पीड़िता ने पुलिस को बताया कि उसके पति विनय ने उससे कहा कि वह बाहर से खाना लेकर आएगा और इसके लिए पैसे मांगे। जब पीड़िता ने कहा कि उसके पास पैसे नहीं हैं, तो आरोपी अचानक भड़क गया और चिल्लाचोट करते हुए गालियां देने लगा। पीड़िता द्वारा गाली देने का विरोध करने पर आरोपी ने उसका वीवो कंपनी का मोबाइल छीनकर दीवार पर पटककर तोड़ दिया और हाथ-थप्पड़ों से मारपीट शुरू कर दी। यह देखकर जब पीड़िता के पिता विवेक बीच-बचाव करने आए, तो आरोपी विनय ने अपने पास रखी चाबी निकालकर पत्नी की बाईं आंख के पास दे मारी। हमला इतना तेज था कि आंख के पास चोट लगने से खून बहने लगा। खून निकलता देख आरोपी मौके से भागने लगा और जाते-जाते धमकी दी कि आज के बाद पैसे देने से मना किया तो जान से खत्म कर दूंगा।
यह खबर सिटी ब्लास्ट ई-पेपर के 27 अगस्त 2026 के अंक में पृष्ठ 12 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें



