नेमावर रोड पर दो फाटा के समीप एक तेज रफ्तार कंटेनर ने स्कूटर सवार दो लोगों को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में गंभीर रूप से घायल दोनों लोगों को राहगिरों की मदद से पास के निजी अस्पताल पहुँचाया गया, जहाँ इलाज के दौरान अधेड़ की मौत हो गई, जबकि उनके साथी की हालत गंभीर बनी हुई है। खुड़ैल पुलिस ने आरोपी कंटेनर चालक के खिलाफ केस दर्ज कर वाहन को जब्त कर लिया है। पुलिस के अनुसार, ग्राम धमनाय निवासी गोविंद कुमावत की शिकायत पर कंटेनर जीजे 01 केटी 1034 के चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने का मामला दर्ज किया गया है। गोविंद ने बताया कि उनके फूफा रूपनारायण और साथी अभिषेक स्कूटर से जा रहे थे, तभी सामने से आए अनियंत्रित कंटेनर ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। हादसे के बाद जुटी भीड़ ने दोनों को अस्पताल पहुँचाया, जहाँ डॉक्टरों की कोशिशों के बावजूद रूपनारायण ने दम तोड़ दिया। पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
यह खबर सिटी ब्लास्ट ई-पेपर के 8 अगस्त 2026 के अंक में पृष्ठ 12 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें



