इंदौर। बेटमा थाना क्षेत्र के जीवन ज्योति कॉलोनी स्थित एक मकान में मिले युवती के डिकंपोज्ड शव के मामले में सनसनीखेज मोड़ आया है। शुरुआती जांच में जिसे संदिग्ध मौत माना जा रहा था, वह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद हत्या का मामला निकला है। मृतका के सिर और शरीर पर गंभीर चोटों के निशान मिले हैं। पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ हत्या का प्रकरण दर्ज कर फरार चल रहे संदेही युवक की तलाश तेज कर दी है। पुलिस के अनुसार, 19अगस्त को जीवन ज्योति कॉलोनी के एक किराए के कमरे से सागर निवासी पिंकी नाम की युवती का डिकंपोज्ड शव बरामद हुआ था। मकान से तेज बदबू आने पर पड़ोसियों ने पुलिस को सूचना दी थी। जांच में सामने आया कि मृतका कुछ दिन पहले ही शुभम नाम के युवक के साथ वहां किराए पर रहने आई थी। जांच के दौरान मृतका की जेब से एक पत्र भी मिला था, जिसमें प्रताड़ना की बात लिखी हुई थी। हाल ही में पुलिस को मिली पोस्टमार्टम रिपोर्ट में डॉक्टरों ने खुलासा किया कि युवती की मौत सिर पर लगी गंभीर चोट और मारपीट के कारण हुई है। ? पीएम रिपोर्ट और मर्ग जांच के आधार पर बेटमा पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। घटना के बाद से ही साथ रह रहा संदेही शुभम गायब है। पुलिस का मानना है कि वारदात में उसी का हाथ हो सकता है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।
यह खबर सिटी ब्लास्ट ई-पेपर के 26 अगस्त 2026 के अंक में पृष्ठ 10 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें



