सोमवार, 12 अक्टूबर 2026
इंदौर की ताज़ा खबरें – City Blast Indore Hindi News
ब्रेकिंग
अपराध

प्रॉपर्टी विवाद में कलयुगी बेटे ने की पिता की हत्या, दो दिन पुराना मिला शव

संपत्ति से बेदखल करने पर 72 वर्षीय बुजुर्ग की हत्या, पहले भी कर चुका था मारपीट, पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी

इंदौर। सदर बाजार थाना क्षेत्र में रिश्तों को तार-तार कर देने वाली सनसनीखेज वारदात सामने आई है, जहां संपत्ति के विवाद में एक कलयुगी बेटे ने अपने ही बुजुर्ग पिता की बेरहमी से हत्या कर दी। घटना का खुलासा तब हुआ जब घर से बुजुर्ग का दो दिन पुराना शव बरामद किया गया। मृतक ने पूर्व में विवादों के चलते आरोपी बेटे को अपनी जायदाद से बेदखल कर दिया था, जिससे नाराज होकर बेटे ने इस खौफनाक वारदात को अंजाम दिया। सूचना मिलने के बाद सदर बाजार थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और फरार आरोपी बेटे की तलाश शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, सदर बाजार थाना क्षेत्र में रहने वाले 72 वर्षीय वली उल्ला का शव उनके ही घर में संदिग्ध परिस्थितियों में मिला। पड़ोसियों और परिजनों को अनहोनी की आशंका होने पर पुलिस को सूचित किया गया था। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने जब अंदर प्रवेश किया तो बुजुर्ग का शव दो दिन पुराना पाया गया, जिससे आशंका जताई जा रही है कि हत्या दो दिन पहले ही कर दी गई थी। प्रारंभिक पड़ताल में ही परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ के बाद वारदात की सुई सीधे मृतक के बेटे की तरफ घूम गई। ? जांच में यह चौंकाने वाली बात सामने आई है कि पिता-पुत्र के बीच लंबे समय से संपत्ति को लेकर गंभीर विवाद चला आ रहा था। बेटे के गलत रवैये और आए दिन के झगड़ों से तंग आकर मृतक वली उल्ला ने उसे अपनी पूरी प्रॉपर्टी से बेदखल कर दिया था। बेदखली की बात से बौखलाया आरोपी बेटा पहले भी कई बार अपने पिता के साथ मारपीट और गाली-गलौज कर चुका था। इसी रंजिश के चलते आरोपी ने बुजुर्ग पिता की हत्या कर दी और मौके से फरार हो गया। सदर बाजार थाना पुलिस ने आरोपी बेटे के खिलाफ हत्या का प्रकरण दर्ज कर लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है और जल्द ही उसे हिरासत में ले लिया जाएगा।

यह खबर सिटी ब्लास्ट ई-पेपर के 2 अक्टूबर 2026 के अंक में पृष्ठ 10 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें