राजेंद्र नगर थाना क्षेत्र स्थित राजा रामन्ना प्रगत प्रौद्योगिकी केंद्र के प्रतिबंधित परिसर में एक कार चालक द्वारा सुरक्षा बैरियर तोड़कर जबरन घुसने की वारदात सामने आई है। तेज रफ्तार कार ने गेट पर लगे इलेक्ट्रॉनिक बूम बैरियर को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे शासकीय संपत्ति को भारी नुकसान पहुंचा है। घटना के तुरंत बाद मौके पर पहुंची राजेंद्र नगर थाना पुलिस ने आरोपी चालक को हिरासत में ले लिया है और कार को जब्त कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, आर.आर. कैट परिसर निवासी फरियादी वसंत कुमार कुमरे पिता श्यामसिंह कुमरे ने राजेंद्र नगर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। फरियादी ने बताया कि कार क्रमांक एमपी 09 सीएस 8622 के चालक ने तेज गति और लापरवाही से वाहन चलाते हुए बंद पड़े आर.आर. कैट परिसर के मुख्य सुरक्षा गेट पर लगे इलेक्ट्रॉनिक बूम बैरियर को टक्कर मार दी और बैरियर तोड़ते हुए प्रतिबंधित क्षेत्र के अंदर प्रवेश कर गया। सुरक्षा बैरियर टूटने की आवाज सुनकर सुरक्षाकर्मी और फरियादी तुरंत मौके पर पहुंचे और कार चालक को रोक लिया। पूछताछ करने पर आरोपी चालक ने अपना नाम सारिम मंसूरी पिता जफर मंसूरी निवासी ग्रीन पार्क कॉलोनी, धार रोड, इंदौर बताया। सूचना मिलते ही राजेंद्र नगर पुलिस टीम भी मौके पर पहुंच गई और आरोपी चालक को हिरासत में लेकर थाने ले आई। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ शासकीय संपत्ति को नुकसान पहुंचाने और अवैध प्रवेश की धाराओं में प्रकरण दर्ज कर लिया है, जबकि दुर्घटनाग्रस्त कार को आर.आर. कैट परिसर में ही खड़ा कर जांच शुरू कर दी गई है।
यह खबर सिटी ब्लास्ट ई-पेपर के 27 जुलाई 2026 के अंक में पृष्ठ 8 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें



