इंदौर। शहर में अपराध और अपराधियों पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत राजेंद्र नगर थाना पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने पुलिस कमिश्नरेट द्वारा शहर से जिलाबदर किए गए एक शातिर बदमाश को उसी के इलाके में खुलेआम घूमते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी प्रतिबंधात्मक आदेशों का उल्लंघन कर छिपकर अपने क्षेत्र में आवाजाही कर रहा था। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी की पहचान प्रदीप उर्फ भांजा निवासी लाल मल्टी के रूप में हुई है। आरोपी प्रदीप इलाके का सूचीबद्ध बदमाश है, जिसकी आपराधिक गतिविधियों को देखते हुए हाल ही में इंदौर पुलिस कमिश्नर द्वारा उसके जिलाबदर के आदेश जारी किए गए थे। आदेश के बावजूद पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि आरोपी लाल मल्टी स्थित अपने घर के आसपास ही देखा गया है और वहीं घूम रहा है। सूचना मिलते ही राजेंद्र नगर पुलिस की टीम ने तुरंत घेराबंदी की और लाल मल्टी के समीप दबिश देकर आरोपी प्रदीप उर्फ भांजा को हिरासत में ले लिया।
यह खबर सिटी ब्लास्ट ई-पेपर के 5 सितम्बर 2026 के अंक में पृष्ठ 9 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें



