इंदौर। ग्रामीण इलाके खुड़ैल थाना क्षेत्र स्थित नीलगिरी परिसर में एक फ्लैट में घुसकर हुई डकैती का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पीड़ित के मुंह पर कंबल डालकर लाखों रुपये के जेवर समेटने वाले गिरोह के 5 सदस्यों को पुलिस ने घेराबंदी कर गिरफ्तार किया है। पकड़े गए बदमाशों में 2 बालिग और 3 नाबालिग शामिल हैं। पुलिस ने आरोपियों के पास से जब्त शत-प्रतिशत मशरूका और वारदात में इस्तेमाल सीसीटीवी कैमरा बरामद कर लिया है। पुलिस के अनुसार, नीलगिरी परिसर दुधिया स्थित फ्लैट नंबर 402 निवासी पवन पिता कैलाश चौबे ने शिकायत दर्ज कराई थी। पीड़ित ने बताया कि 27 सितंबर की रात करीब 5 अज्ञात बदमाश जबरन उनके फ्लैट में घुस आए। बदमाशों ने पवन के ऊपर कंबल डालकर उन्हें डराया-धमकाया और कमरे में रखी अलमारी का ताला तोड़कर सोने-चांदी के कीमती आभूषण समेटकर चंपत हो गए। डकैती की गंभीरता को देखते हुए एसपी देहात राजेंद्र कुमार वर्मा के निर्देशन और खुड़ैल थाना प्रभारी करणीसिंह शक्तावत के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। टीम ने इलाके के 35 से 40 सीसीटीवी फुटेज खंगाले और मुखबिर तंत्र की मदद से सभी 5 आरोपियों को चिन्हित कर दबोच लिया। हैरान करने वाली बात यह रही कि मुख्य आरोपी उसी नीलगिरी परिसर के रहने वाले निकले। गिरफ्तार बालिग आरोपियों में धनराज उर्फ मोटू राठौर निवासी फ्लैट 602, नीलगिरी परिसर और आकाश दांगी निवासी फ्लैट 201, नीलगिरी परिसर शामिल हैं, जबकि उनके 3 नाबालिग साथियों को भी अभिरक्षा में लिया गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 750 ग्राम वजन का चांदी का ब्रेसलेट, 8 जोड़ चांदी की बिछिया, सोने की कान की झुमकी, सोने का मंगलसूत्र पेंडल, चांदी का मंगलसूत्र और वारदात से जुड़ा कैमरा जप्त कर लिया है। खुड़ैल पुलिस आरोपियों के पुराने आपराधिक रिकॉर्ड खंगाल रही है।
यह खबर सिटी ब्लास्ट ई-पेपर के 2 अक्टूबर 2026 के अंक में पृष्ठ 9 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें



